प्रयागराज की टोंस नदी में मिला मध्य प्रदेश के किशोर का शव , पानी में डूबने से मौत या हत्या?
प्रयागराज की टोंस नदी में मध्य प्रदेश के एक 16 वर्षीय किशोर का शव मिला है। पुलिस मौत के कारण की जांच कर रही है कि यह डूबने से हुई है या हत्या। ...और पढ़ें

प्रयागराज के मेजा स्थित बलूहा में टोंस नदी में किशोर का शव मिलने के बाद जुटी भीड़ व पहुंची पुलिस। जागरण ं
HighLights
यमुनापार में मेजा थाना क्षेत्र के बलूहा स्थित नदी में उतराता मिला शव
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यंमुनापार इलाके में मेजा थाना क्षेत्र के बलूहा गांव स्थित टोंस नदी में गुरुवार सुबह किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहंचान मप्र के रहने वाले 16 वर्षीय अर्जुन शुक्ला के रूप में हुई है। नदी में डूबने से मौत हुई या फिर हत्या कर किसी ने लाश नदी में बहा दी, पुलिस इसकी तफ्तीश कर रही है।
नदी में उतराता शव ग्रामीणों ने देखा
बलूहा स्थित टोंस नदी के किनारे गुरुवार सुबह ग्रामीण पहुंचे तो वहां एक किशोर का शव उतराता नजर आया। पलभर में भीड़ जुट गई। खबर पाकर मेजा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को नदी से बाहर निकलवाया गया। किशोर के कपड़ों की तलाशी ली गई तो आधार कार्ड मिला।
रीवा जनपद के चाकघाट का रहने वाला था किशोर
आधार कार्ड के माध्यम से उसकी पहचान 16 वर्षीय अर्जुन शुक्ला पुत्र रामाशंकर शुक्ला निवासी चाकघाट, रीवा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि मृतक के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। घरवालों के आने के बाद ही और जानकारी मिलेगी। पोस्टमार्टम के बाद यह स्पष्ट होगा कि उसकी मौत नदी में डूबने से हुई या कोई और वजह थी।