नीट की तैयारी कर रही छात्रा को अगवाकर किया दुष्कर्म, होटल कर्मी गिरफ्तार; इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच हुई थी दोस्ती
प्रयागराज में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा को अगवा कर इंदौर में दुष्कर्म किया गया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद होटलकर्मी शैल्विन फ्रांसिस ने इस वार ...और पढ़ें

प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोपित पकड़ा गया।
HighLights
सिविल लाइंस पुलिस ने छात्रा को पहुंंचाया उसके घर
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले का रहने वाला है आरोपित
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग में नीट की पढ़ाई करने वाली छात्रा को अगवा करके इंदौर में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपित होटल कर्मचारी शैल्विन फ्रांसिस को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही छात्रा को भी उसके घर पहुंचा दिया गया। छात्रा और शैल्विन के बीच इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। करीब 15 दिन पहले छात्रा से मिलने शैल्विन आया और फिर अपने साथ लेकर चला गया था।
अभियुक्त मूलरूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गाेरखपुर थाना क्षेत्र स्थित हाथीताल कालोनी का निवासी है। वह इंदौर के परदेशीपुरा में जैन मंदिर के पास रहकर होटल में काम करता है। बताया गया है कि करेलाबाग मुहल्ले में रहने वाला एक व्यक्ति मछली का कारोबार करता है। उसकी 17 वर्षीय बेटी नीट की तैयारी कर रही है। इसके लिए सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग में पढ़ने जाती थी।
ई-रिक्शा चालक छात्रा को लेकर 17 जुलाई 2026 को घर से निकला और रास्ते में कहीं छोड़ दिया। बेटी जब घर नहीं पहुंची तो मां ने ई-रिक्शा चालक से पूछा। उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका पर मां ने सिविल लाइंस थाने पहुंंचकर तहरीर दी। उसके आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा कायम किया। इसके बाद छात्रा और उसके इंस्टाग्राम दोस्त का पता चला। तब दारोगा दिग्विजय सिंह, राजेश कुमार इंदौर पहुंचे।
वहां से दोनों को पकड़कर ले आया गया। पूछताछ में छात्रा ने दुष्कर्म की बात स्वीकार की, जिसके आधार मुकदमे में धारा बढ़ाई गई। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव कहना है कि नीट छात्रा और होटलकर्मी के बीच इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।