प्रयागराज में कोचिंगों के साथ होटल, रेस्टोरेंट और अस्पतालों पर भी सख्ती, मानचित्रों की जांच करेगा पीडीए
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) 29 जून से शहर में आवासीय भवनों में चल रहे कोचिंग, होटल, रेस्टोरेंट और अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई करेगा। लखनऊ अग्निका ...और पढ़ें

पीडीए कोचिंग संस्थानों के साथ ही कमर्शियल इमारतों की भी जांच कर कार्रवाई करेगा।
HighLights
29 जून से भवनों के सर्वे को पीडीए की टीमें गठित
लखनऊ अग्निकांड के बाद शहर में कसा शिकंजा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में आवासीय भवनों में संचालित हो रही कोचिंग ही नहीं होटल, रेस्टोरेंट और नर्सिंग होमों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) अब मानचित्र के आधार पर भवनों का सर्वे कराने की तैयारी कर रहा है। जोन के अनुसार आठ टीम बनाकर शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कराई जाएगी। 29 जून से भवनों का सर्वे शुरू कराया जा सकता है।
लखनऊ अग्निकांड के बाद पीडीए की सख्ती
लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद से शहर में कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी पर पीडीए की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई से बचने के लिए कई लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों में ताला लगा दिए गए हैं। पीडीए अब कार्रवाई और तेज करेगा। पिछले चार दिनों में सात कोचिंग सेंटर सील कर चुका है और 20 कोचिंग संचालकों को नोटिस दिया जा चुका है। 15 दिनों में मानचित्र नहीं उपलब्ध होने पर पीडीए इन सभी को सील करेगा।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी हो सकती है
नियम के विपरीत अगर भवन का निर्माण किया गय है तो ध्वस्तीकरण का आदेश भी पारित किया जा सकता है। सिविल लाइंस, राजापुर, अशोकनगर, दारागंज, महर्षि भरद्वाजपुरम, बाघंबरी हाउसिंग, बैरहना,मलाकराज,मधवापुर, चौक,घंटाघर,चकिया, करेली, कल्याणी देवी, कीडगंज, मुट्ठीगंज, लोकनाथ, मालवीय नगर आदि क्षेत्रों में अवैध काेचिंग, होटल, रेस्टोरेंट, नर्सिंग होम संचालित हो रहे हैं।
आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जोन के अनुसार ऐसे भवनों का निरीक्षण करके मानचित्र की जांच की जाएगी। नियमों पूरा न करने पर भवन स्वामी को पहले नोटिस भेजकर भवन सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
- विनीत कुमार सिंह, सचिव पीडीए।