Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज का प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र : विकास कार्य हुए पर चुनौतियां अभी बरकरार, बता रहा विधायक का रिपोर्ट कार्ड

    By rajendra yadav Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 30 Jul 2026 05:22 PM (IST)

    प्रयागराज के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली और शिक्षा जैसे कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन अभी भी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां बनी हुई हैं। विधाय ...और पढ़ें

    प्रयागराज के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक विजमा यादव का रिपोर्ट कार्ड।

    प्रयागराज के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक विजमा यादव का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. सड़क, विद्युतीकरण व शिक्षा की दिशा में कई विकास कार्य हुए

    2. Pratappur Assembly Area of Prayagraj Development and Challenges 

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुधार, ग्रामीण विद्युतीकरण व शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई विकास कार्य कराए गए हैं। ग्रामीण एवं प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाली कई सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य हुआ है। कई जर्जर सड़कों का डामरीकरण होने से आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हुआ है।

    बारिश में सड़कों पर चलना दूभर  

    हालांकि, अभी भी कई सड़कों की स्थिति खराब है। बारिश में इन सड़कों से चलना लोगों के लिए कठिन रहता है। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के साथ ही विद्युतीकरण का दायरा भी बढ़ाया गया है, लेकिन कई मजरे ऐसे हैं, जहां आज भी विद्युतीकरण नहीं हुआ है। बांस या बल्ली के सहारे लोगों को तार खींचना पड़ रहा है।

    प्रतापपुर विधानसभा

    कुल मतदाता : 3,82,749
    पुरुष : 2,08,680
    महिला : 1,74,009
    (किन्नर) : 60

    पीएचसी में आधुनिक मशीनों का अभाव 

    शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी कार्य हुए हैं, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों यानी पीएचसी की सुविधाओं में वह इजाफा नहीं हुआ, जिसकी ग्रामीणों को उम्मीद थी। आधुनिक मशीनों का न होना ग्रामीणों को अखरता है। जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पाइपलाइन बिछाने और पानी की टंकियों के निर्माण का कार्य चल रहा है, जिससे भविष्य में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। हालांकि, इसमें कई टंकियों का निर्माण कार्य समयावधि बीतने के बाद पूरा नहीं हुआ है। 

    बरसात में वरुणा के पानी से खेत जलमग्न हो जाते हैं

    विधायक निधि से सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में हाईमास्ट लाइटें लगवाने, हैंडपंप स्थापित कराने व पक्की गलियों के निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। हालांकि, इन विकास कार्यों के बावजूद विधानसभा क्षेत्र आज भी कई महत्वपूर्ण समस्याओं से जूझ रहा है। क्षेत्र की प्रमुख समस्या वरुणा नदी की नियमित सफाई न होना है। बरसात के दौरान नदी में बाढ़ आने पर दर्जनों गांवों की हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो जाती है, जिससे किसानों को हर वर्ष भारी नुकसान उठाना पड़ता है। 

    खबरें और भी

    रोजगार के पर्याप्त अवसर की जरूरत 

    रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध न होने के कारण हजारों युवाओं को रोजगार की तलाश में मुंबई, गुजरात सहित अन्य महानगरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त प्रतापपुर जैसे प्रमुख बाजार सहित क्षेत्र के कई बड़े बाजार होने के बावजूद आज तक किसी भी क्षेत्र को नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका है, जिससे स्थानीय लोगों को शहरी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

    विधानसभा में क्षेत्रीय समस्याएं उठाया

    प्रतापपुर की विधायक विजमा यादव की विधानसभा में करीब 95 प्रतिशत उपस्थित रही। हमेशा उन्होंने वरुणा नदी की सफाई, बालिकाओं के लिए उच्च शिक्षा की व्यवस्था, पालीटेक्निक कालेज, स्पोर्टस स्टेडियम, प्रतापपुर में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने व जंघई बाजार को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग लगातार उठाती रही हैं।

    वरुणा नदी पर पुल बनाने मांग आजादी के बाद से ही उठती रही, लेकिन जब इसे मैंने पूरे जोरशोर से उठाया, तब जाकर मंजूरी मिली। सराय हरीराम व अरवासी के बीच पुल का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। महापुरुषों के नाम से तोरण द्वार बनाए गए। बीबीपुर में बिजली उपकेंद्र की स्थापना कराई गई, ताकि लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। स्ट्रीट लाइटों का जाल बिछाया गया। प्रयागराज से जौनपुर जोड़ने वाले मार्ग का मुबारकपुर से आगरापट्टी तक निर्माण कार्य हुआ। प्रतापगढ़ से जोड़ने वाली सड़क काेनार से हंसराजपुर तक निर्माण कराया गया। सरयू पट्टी में 100 बेड का अस्पताल बनाया गया। कटहरा से दमगाड़ा मार्ग बना। पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
    - विजमा यादव, विधायक प्रतापपुर। 

    वर्तमान विधायका विजमा यादव द्वारा कोई भी ऐसा कार्य नहीं किया गया, जिसको बताया जा सके। आज भी प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीण परेशान हैं। क्षेत्र में कोई ऐसा योजना नहीं लगाई गई, जिससे लोगों को लाभ मिल सके। खासतौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार को लेकर लोग काफी परेशान हैं।
    - डॉ. राकेशधर त्रिपाठी, पूर्व प्रत्याशी, प्रतापपुर।

    बोले लोग

    महानगरी बसों के संचालन बंद होने से क्षेत्रीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है। क्षेत्रीय विधायक ने कई बार प्रयास किया। संबंधित विभाग के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार बात की, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। जबकि विधायक ने जन सुविधा को देखते हुए बसों का संचालन कराए जाने की बात कही थी।
    - नीरज यादव, धुर्रवा।

    क्षेत्र में राजकीय औद्योगिक ट्रेनिंग कालेज एवं राजकीय महाविद्यालय की आवश्यकता है। रोजगार के क्षेत्र में उद्योग न होने से बेरोजगारी की समस्या विकराल है। क्षेत्रीय विधायक ने विधानसभा में कई बार इन बिंदुओं को प्रमुखता से उठाया भी है। सरकार को इस ओर विशेष तौर पर ध्यान देना चाहिए, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
    - रंगीलाल यादव, बरेस्ता कला।

    क्षेत्र में आवारा पशुओं से किसानों की फसलों का भारी नुकसान हो रहा है। फसल की सुरक्षा में लगाए गए तार से लोगों की जान जा रही है। इस ओर कोई सार्थक कदम आज तक नहीं उठाया गया। किसानों के हित में कोई ऐसा कार्य भी नहीं हुआ है, जिससे किसानों को लाभ मिल सके। जबकि चुनाव के समय किसानों के हित की बात होती है।
    - फूलचंद कनौजिया, बरेस्ता कला।

    प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों एवं अधिकांश गांवों में जलनिकासी के रास्ते बंद होने से थोड़ी बरसात में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नाले व नालियां कई जगह नहीं बनी हैं। ऐसे में खासतौर पर बारिश के समय जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
    - भोलानाथ पाल, प्रतापपुर।