राष्ट्रगान और भारत माता के जयघोष से गुंजायमान हुई विशाल तिरंगा यात्रा, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर छाया उल्लास
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रयागराज में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा राष्ट्रगान, भारत माता के जयघोष क ...और पढ़ें

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न प्रयागराज में तिरंगा यात्रा निकालकर जश्न मनाते एबीवीपी के लोग। सौ. संगठन
HighLights
प्रयागराज में अभाविप ने निकाली तिरंगा यात्रा
परिषद के प्रांत संगठन मंत्री भी रहे उपस्थित
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शुक्रवार को वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशाल तिरंगा यात्रा निकालीं। पहली यात्रा भरद्वाज आश्रम के निकट से छात्र संघ भवन चौराहे तक एवं ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज से गोविंदपुर टैक्सी स्टैंड तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रगान और भारत माता की जयघोष से हुआ। कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री आकाश गौड़ भी उपस्थित रहे।
वंदे मातरम भारत की सांस्कृतिक अस्मिता
अभाविप के काशी प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने कहा कि 'वंदे मातरम्' केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रभक्ति का अमर उद्घोष है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए गौरव और आत्मचिंतन का अवसर है। विद्यार्थी परिषद देशभर में इस ऐतिहासिक अवसर को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मना रही है, ताकि युवा पीढ़ी राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन के बलिदानों और राष्ट्रीय मूल्यों से प्रेरणा प्राप्त कर सके। तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराने का प्रभावी माध्यम है।

युवाओं को एकता, गौरव की रक्षा को प्रेरित करती है
परिषद के प्रयाग महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा ने कहा कि प्रयागराज में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा युवाओं की राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानते हुए युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए कार्य करती रही है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने के साथ ही प्रत्येक युवा को भारत की अखंडता, एकता और गौरव की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देती है।
राष्ट्रीय एकता के लिए युवाओं का आह्वान
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व प्रांत मंत्री दिल्ली आशुतोष श्रीवास्तव ने युवाओं से राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय एकता के लिए सतत कार्य करने का आह्नान किया। छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री निवेदिता मिश्रा, प्रयाग महानगर के मीडिया संयोजक आयुष विश्वकर्मा, प्रांत छात्रा कार्य प्रमुख अंचल, प्रयाग महानगर अध्यक्ष डॉ. मनीष श्रीवास्तव, कौतुक उपाध्याय, अश्वनी चौहान, समृद्धि प्रिया पाठक, राहुल तिवारी, ज्ञान प्रकाश, अमन, अभिनव, शांतनु, अंबुज, कार्तिकेय पति त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।