प्रयागराज एयरपोर्ट देश के शीर्ष 10 हवाई अड्डों में फिर शामिल, AAI की रिपोर्ट में देश में नवीं व यूपी में दूसरी रैंक मिली
प्रयागराज एयरपोर्ट एएआई की ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण रिपोर्ट में देश के शीर्ष 10 घरेलू हवाई अड्डों में नवें स्थान पर आ गया है। इसे यूपी में दूसरा स्था ...और पढ़ें

प्रयागराज एयरपोर्ट की फाइल फोटो।
HighLights
यात्री सुविधाओं के दम पर उपलब्धि, 37वें स्थान पर पहुंच गया था
घरेलू एयरपोर्ट में उत्तर प्रदेश में अयोध्या के बाद मिली दूसरी रैंक
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट ने अपनी यात्री सुविधाओं के दम पर एक बार फिर देश के विमानन मानचित्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए जारी ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण (सीएसएस) के पहले दौर की ताजा रिपोर्ट में प्रयागराज एयरपोर्ट ने देश के शीर्ष 10 घरेलू हवाई अड्डों में धमाकेदार वापसी की है।
प्रयागराज एयरपोर्ट को यूपी में दूसरी रैंक
प्रयागराज को देश भर में नवीं रैंक और यूपी में दूसरा स्थान मिला है। जनवरी-जून 2025 के सर्वे में यह 37वें स्थान पर था, लेकिन दिसंबर में 25 पायदान ऊपर चढ़कर 12वें नंबर पर आ गया था और अब नौंवे स्थान पर पहुंचाना बड़ी उपलब्धि है। पिछले वर्ष (राउंड-दो 2025) में 4.84 स्कोर के मुकाबले इस बार प्रयागराज ने 4.89 का उत्कृष्ट स्कोर हासिल कर 0.05 अंकों का शानदार सुधार दर्ज किया है, जो देश के राष्ट्रीय औसत सुधार (0.03) से भी कहीं बेहतर है।
यूपी के सिर्फ एयरपोर्ट ही काबिज
शीर्ष 10 में प्रदेश के केवल दो ही एयरपोर्ट प्रयागराज व अयोध्या की जगह बना पाए हैं। प्रदेश के अन्य एयरपोर्ट मेंकानपुर (चकेरी) को 19वीं रैंक (स्कोर 4.78) और गोरखपुर को 32वीं रैंक (स्कोर 4.39) से ही संतोष करना पड़ा है। रैंकिंग में पहले स्थान पर 4.98 स्कोर के साथ खजुराहो और औरंगाबाद संयुक्त रूप से काबिज हैं। दूसरे स्थान पर मदुरै और विजयवाड़ा (स्कोर 4.97) हैं। तीसरे स्थान पर भोपाल, वडोदरा, जामनगर और रांची (स्कोर 4.96) ने कब्जा जमाया है।
ग्वालियर और गया चौथे स्थान पर
रैंकिंग में चौथे स्थान पर ग्वालियर और गया (स्कोर 4.95) हैं। पांचवें स्थान पर कुल्लू मनाली और अयोध्या (स्कोर 4.94) रहे। छठे स्थान पर हुबली, जम्मू और अगरतला (स्कोर 4.93) को जगह मिली। सातवें स्थान पर लेह, जबलपुर और देवघर (स्कोर 4.92) रहे। आठवें स्थान पर राजमुंदरी (स्कोर 4.91) है। नौवें स्थान पर कोल्हापुर, बेलगावी, तूतीकोरिन और बारापानी के साथ प्रयागराज (स्कोर 4.89) मजबूती से खड़ा है। वहीं, 10वें स्थान पर बरेली, जोधपुर, आगरा और विशाखापत्तनम (स्कोर 4.88) ने जगह बनाई है।
खबरें और भी
60 हवाई अड्डों में सबसे निचले पायदान पर लक्षद्वीप
सर्वेक्षण में शामिल कुल 60 क्रियाशील हवाई अड्डों की सूची में सबसे निचले पायदान पर 35वीं रैंक के साथ लक्षद्वीप का अगाती हवाई अड्डा (स्कोर 4.06) रहा है, जबकि मैसूर 34वीं रैंक (स्कोर 4.18) और दीव 33वीं रैंक (स्कोर 4.29) के साथ सबसे फिसड्डी साबित हुए हैं। एयरपोर्ट निदेशक गणेश यादव का कहना है कि स्टाफ की मेहनत और सुविधाओं में लगातार सुधार से यह संभव हुआ। यात्रियों को अब ज्यादा आरामदेह अनुभव मिल रहा है। एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्य सांसद प्रवीण पटेल ने भी इस पर खुशी व्यक्त की।
कैसे तय होती है रैंकिंग?
एएआई हर छह महीने में देश के घरेलू एयरपोर्ट्स पर यह सर्वे करता है। एयरपोर्ट पर उतरने से लेकर उड़ान भरने तक यात्रियों को मिलने वाले अनुभव को पांच अंकों के कड़े पैमाने पर आंकने के लिए सर्वे में यात्रियों से सीधे फीडबैक लिया जाता है। चेक-इन की आसानी, सुरक्षा जांच, स्टाफ का व्यवहार, बैगेज ट्राली की उपलब्धता, रेस्तरां, एटीएम, वाई-फाई, उड़ान जानकारी और सफाई जैसे 30 से ज्यादा पैरामीटर्स पर सवाल पूछे जाते हैं।