शास्त्री पुल के समकक्ष गंगा पर बनेगा फोर लेन पुल, प्रयागराज-वाराणसी-गोरखपुर की राह होगी आसान; जाम से मिलेगी राहत
प्रयागराज में शास्त्री पुल के समानांतर गंगा पर एक नया फोर लेन पुल बनेगा, जिससे वाराणसी, गोरखपुर और अन्य क्षेत्रों की राह आसान होगी और जाम से राहत मिले ...और पढ़ें

प्रयागराज में गंगा नदी पर शास्त्री पुल के बगल फोर लेन पुल बनेगा।
HighLights
दिसंबर तक शुरू हो सकता है पुल निर्माण, तीन वर्ष में पूरा होगा
नए ब्रिज के बनने से वाहनों का दबाव कम होगा शास्त्री पुल पर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। तीर्थराज प्रयाग से बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी समेत गोरखपुर, भदोही, जौनपुर, बिहार और पश्चिम बंगाल का आवागमन आने वाले दिनों में और सुगम होगा। शास्त्री पुल पर लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने के लिए इसके समकक्ष नए फोर लेन का गंगा पर एक और ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
1500 करोड़ रुपये से बनेगा पुल
शास्त्री पुल के समकक्ष नए पुल के निर्माण की मंजूरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अवलोकन के बाद शासन से मिल चुकी है, बस वित्तीय स्वीकृत मिलने का इंतजार है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दिसंबर तक पुल का निर्माण शुरू किया जा सकता है। 1500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पुल के निर्माण में खर्च की जाएगी।
नए पुल की लंबाई 2500 मीटर होगी
गंगा नदी पर शास्त्री पुल के बगल में बनने वाले नए पुल की लंबाई 2500 मीटर होगी। सेतु निगम की ओर से शास्त्री पुल से लगभग 500 मीटर उत्तर इस नए पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके बनने के बाद झूंसीवासियों को भी शहर आने-जाने में सुविधा होगी। झूंसी क्षेत्र में अधिकांश आबादी निवास करती है। उनका प्रतिदिन शहर के आफिसों, स्कूल-कॉलेजों व व्यवसाय आदि के लिए आवागमन होता है। ऐसे में जाम की भी समस्या रहती है।
नए पुल से जाना, पुराने पुल से शहर आ सकेंगे वाहन
नए पुल के बनने के बाद शास्त्री पुल पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। शहर से झूंसी की ओर जाने के लिए नए और झूंसी से आने के लिए पुराने पुल का प्रयाेग किया जाएगा। पुल का निर्माण तीन वर्ष में पूरा करने का प्रयास होगा। शास्त्री पुल के समकक्ष बनने वाले पुल से वाराणसी, गोरखपुर, भदोही, जौनपुर, बिहार और पश्चिम बंगाल की राह आसान होगी।
खबरें और भी
खास-खास
2500 मीटर होगी नए पुल की लंबाई
2200 मीटर है पुराने पुल की लंबाई
1500 करोड़ रुपये की धनराशि से बनेगा नया पुल
पुराने पुल से 500 मीटर उत्तर की ओर बनेगा पुल।
शास्त्री पुल पर रोज 50 हजार वाहनों का आवागमन
शास्त्री पुल से प्रतिदिन 50 हजार छोट-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। पुल के बीच अगर कोई वाहन खराब हो जाता है तो भीषण जाम से लोगों को परेशान होना पड़ता है। लेकिन नए पुल के निर्माण के बाद यह समस्या पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा।
शास्त्री पुल के समकक्ष गंगा पर बनाया पुल बनाने का प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया है। मुख्यमंत्री का अनुमाेदन मिल चुका है। वित्तीय अनुमति मिलने का इंतजार है। जल्द ही वित्तीय अनुमति शासन से मिल सकती है। सब कुछ सही रहा तो पांच माह में पुल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
- रोहित मिश्र,परियोजना प्रबंधक,सेतु निगम