प्रयागराज में 20 किमी के दायरे में ऑटो और टेंपो के किराए में वृद्धि नहीं होगी, हजारों लोगों को मिलेगी राहत
प्रयागराज में ऑटो और टेंपो चालकों ने डीजल-सीएनजी के दाम बढ़ने के बावजूद यात्री किराया न बढ़ाने का फैसला किया है। इस निर्णय से शहर और आसपास के 20 किलोम ...और पढ़ें

डीजल व सीएनजी के रेट बढ़ने के बाद भी प्रयागराज में टेंपो-ऑटो के किराए 20 किमी तक नहीं बढ़ाए जाएंगे।
HighLights
इलाहाबाद टेंपो-टैक्सी ई-रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में निर्णय
शहर के विभिन्न रूटों पर करीब 2500 ऑटो व 1500 टेंपो संचालित होते हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। डीजल और सीएनजी का दाम भले ही बढ़ गया हो, लेकिन ऑटो व टेंपो चालक यात्री किराया नहीं बढ़ाएंगे। राहगीरों को राहत देने वाला यह फैसला शनिवार को इलाहाबाद टेंपो-टैक्सी ई-रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया। इससे शहरवासियों समेत दूसरे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
प्रतिदिन हजारों यात्री ऑटो व टेंपो से करते हैं यात्रा
शहर में टेेंपो, आटो टैक्सी के नैनी, झूंसी, फाफामऊ, पूरामुफ्ती सहित अन्य कई रूट हैं। करीब 2500 आटो और लगभग 1500 टेंपो इन पर दौड़ते हैं। इनसे रोजाना हजारों राहगीर यात्रा करते हैं। इन यात्रियों में शहरवासियों के साथ गंगापार व यमुनापार से आने वाले तमाम ग्रामीण भी शामिल हैं। डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने के कारण इन टैक्सी चालकों की जेब पर भी बोझ बढ़ना तय है।
पुराने दर पर ही किराया लिया जाएगा
एसोसिएशन की बैठक में पदाधिकारियों ने चालकों की इस समस्या पर चिंता जताई। अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, उपाध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी, महामंत्री रमाकांत रावत ने कहा कि आर्थिक संकट के समय आटो यूनियन देश के साथ है। डीजल व सीएनजी के दाम बढ़ने से आटो के व्यवसाय पर प्रभाव पड़ेगा। फिर भी 20 किलोमीटर की सीमा तक आटो व टेंपो के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इस दूरी के बीच सफर करने वालों से पुराने दर पर ही किराया लिया जाएगा।
इन इलाकों तक यात्रा करने वालों को राहत मिलेगी
संगठन के इस निर्णय से सिविल लाइंस से कौड़िहार, हाेलागढ़ मोड़ सोरांव, अंदावा, डेज मेडिकल, मामा भांजा तालाब तक आने-जाने वालों को फायदा मिलेगा। बैठक में संगठन मंत्री शिवम रावत, ननकऊ मिश्रा, धीरेंद्र मिश्रा, बबलू जायसवाल आदि मौजूद रहे।