प्रयागराज में बेखौफ चोर, दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी व आभूषण उठा ले गए
प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर मुहल्ले में दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और आभूषण चोरों ने उड़ाए। पुलिस सीसीटीवी फुटे ...और पढ़ें

प्रयागराज के धूमनगंज स्थित राजरूपपुर में एक घर में चोरी के बाद सीसीटीवी में कैद संदिग्धों की तस्वीर। सौजन्य : स्वयं
HighLights
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध चोरों की तस्वीर कैद, पुलिस उनकी कर रही तलाश
शहर के धूमनगंज थाना क्षेत्र में राजरूपपुर मुहल्ले में दोपहर में हुई चोरी की घटना
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में बेखौफ होकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। अब चोरों ने राजरूपपुर मुहल्ले में एक मकान को निशाना बनाया है। दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण उठा ले गए। चोरी की घटना का पता चलने पर परिवार के सदस्य हतप्रभ रह गए। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
बहन को छोडकर लौटे तो घर का टूटा था ताला
बताया गया है कि धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर मुहल्ले में रहने वाले विशाल श्रीवास्तव एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनका कहना है कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बहन को छोड़ने के लिए गए थे। शाम करीब चार बजे वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा था।
तीन लाख नकद व 10 लाख के आभूषण चोरी
घर के अंदर जाने पर आलमारी में रखे साढ़े तीन लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख के गहने गायब थे। इससे विशाल और उनका परिवार परेशान हो गया। खबर पाकर धूमनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। उसके बाद पीड़ित की लिखित शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया।
शिवकुटी में भी हुई थी दिनदहाड़े चोरी
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध चोरों की तस्वीर कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इस घटना से पहले शिवकुटी में एक ठेकेदार के फ्लैट का ताला दिनदहाड़े तोड़कर लाखों की चोरी हुई थी। उस मामले में पुलिस अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।