एक क्यूआर कोड स्कैन करें और पाएं 40 योजनाओं की जानकारी, महिलाओं से लेकर किसानों तक को मिलेगी सहूलियत
प्रयागराज की सीडीओ ने 'योजना मित्र' ऐप लॉन्च किया है, जिससे ग्रामीण एक क्यूआर कोड स्कैन कर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उठा सकेंगे। यह ऐप बुजुर्गो ...और पढ़ें

प्रयागराज में 'योजना मित्र' एप लॉन्च, एक क्यूआर कोड से सरकारी योजनाओं की जानकारी पा सकेंगे।
HighLights
प्रयागराज की सीडीओ ने बनाया ‘योजना मित्र’ एप, ग्रामीणों को सुविधा
महिला, बुजुर्ग, बेरोजगार हों या फिर किसान, सबकी समस्या दूर होगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधवा, वृद्धावस्था, दिव्यांग पेंशन और पीएम सम्मान निधि न मिल रही हो या फिर बेरोजगारी तनाव बढ़ा रही हो। अब आप परेशान बिल्कुल भी न हों। सिर्फ एक क्यूआर कोड स्कैन करें। इसके बाद योजना खुद ब खुद आपके पास पहुंच जाएगी। इसके लिए सीडीओ हर्षिका सिंह ने ‘योजना मित्र’ एप बनाया है। यह एप बुजुर्ग, महिला, छात्र, बेरोजगार, किसान हर वर्ग की सुनेगा। योजनाओं और पात्रों के बीच की दूरियों को मिटाएगा।
सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे
कभी गंवई राजनीति तो कभी कर्मचारियों की लापरवाही से अक्सर पात्र सरकारी योजनाओं से दूर रह जाते हैं। कई बार तो लोगों को योजनाओं की जानकारी ही नहीं मिल पाती। सीडीओ का यह ‘योजना मित्र’ एप इसी समस्या का हल है। इसका एक क्यूआर कोड जारी किया गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा होगा क्यूआर कोड
इस क्यूआर कोड को ब्लाक, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान, पंचायत भवन, बाजार, स्कूल सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करने से एप खुलेगा। इसमें सबसे पहले मोबाइल की स्क्रीन पर किसान, महिला, बेरोजगार, बुजुर्ग, विधवा-निराश्रित महिला, अनाथ बच्चे, पशुपालन, मछुआरे, आवास, श्रमिक, द्विव्यांग, विद्यार्थी और कारीगर सहित 13 श्रेणी दिखेंगी।
हर योजना लोगों तक पहुंच सकेगी
फिर जिस श्रेणी पर क्लिक करेंगे, उससे संबंधित योजनाएं खुलकर सामने आ जाएंगी। योजना के फायदों के साथ आवेदन में लगने वाले दस्तावेजों का ब्योरा भी होगा। इससे हर योजना लोगों तक आसानी से पहुंच सकेगी।
खबरें और भी
एप पर आवेदन का भी होगा विकल्प
योजना मित्र एप के माध्यम से आवेदन भी किए जा सकेंगे। सीडीओ कार्यालय में कर्मचारियों की एक टीम लगाई गई है। जो इन आवेदनों का सत्यापन कराएगी। इसके बाद पात्रों को सूचीबद्ध करेगी। योजनाओं का लक्ष्य आने पर उन्हें लाभान्वित कराएगी। इसके लिए पात्रों को प्रधानों व सचिवों की हां हुजूरी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आवेदनों व इनके सत्यापन की निगरानी सीडीओ खुद करेंगी।
हर पात्र तक सरकारी याेजनाएं पहुंचे, इसके लिए यह पहल की गई है। उम्मीद है कि योजना मित्र एप पात्रों और योजनाओं के बीच की दूरी को मिटाएगा। पंक्ति में सबसे पीछे खड़े पात्रों को लाभान्वित कराने में मदद करेगा।
- हर्षिका सिंह, सीडीओ।