RRB प्रयागराज समेत देश भर में सहायक लोको पायलट के 11,127 पदों पर भर्ती शुरू, ऑनलाइन आवेदन तत्काल करें
भारतीय रेलवे ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) के 11,127 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 15 मई 2026 से 14 जून 2026 ...और पढ़ें

आरआरबी सहायक लोको पायलट (एएलपी) के रिक्त पदों को भरने को ऑनलाइन आवेदन मांगा है।
HighLights
एएलपी के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी
14 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा होंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वर्ष 2026 की सबसे बड़ी खुशखबरी है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) के रिक्त पदों को भरने के लिए अपनी पहली बड़ी भर्ती का औपचारिक आयोजन किया है।
सीधी नियुक्ति होगी
इस बार कुल 11,127 पदों पर सीधी नियुक्तियां की जाएंगी, जिसके लिए आवेदन की प्रक्रिया आज, 15 मई 2026 से आधिकारिक तौर पर प्रारंभ हो चुकी है। प्रयागराज सहित देश भर के विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों के माध्यम से इन पदों को भरा जाएगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी 14 जून 2026 की मध्यरात्रि तक अपना आनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 1,157 पद अधिक
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों का विश्लेषण करें तो इस वर्ष रिक्तियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। वर्ष 2024 में लंबे अंतराल के बाद 18,799 पदों पर भर्ती हुई थी। इसके बाद वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 9,970 रह गई थी। अब वर्ष 2026 (वर्तमान) में बोर्ड ने इस बार 11,127 पद विज्ञापित किए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 1,157 पद अधिक हैं, जिससे प्रतियोगी छात्रों में उत्साह का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि रिक्तियों में यह बढ़ोतरी युवाओं के लिए रेलवे में चालक बनने के सपने को साकार करने का एक सुनहरा अवसर है।
आरआरबी प्रयागराज में क्षेत्रीय युवाओं को विशेष अवसर
प्रयागराज क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से बोर्ड की वेबसाइट को अपडेट किया गया है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://rrbpryj.gov.in/ पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। बोर्ड ने कड़े निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थी अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें, क्योंकि अंतिम दिनों में सर्वर पर दबाव बढ़ने के कारण तकनीकी बाधाएं आ सकती हैं। आरआरबी प्रयागराज से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे में तैनाती मिलेगी।
खबरें और भी
श्रेणीवार रिक्तियों का विस्तृत विवरण
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने रिक्तियों का वर्गवार वर्गीकरण भी साझा किया है।
अनारक्षित (सामान्य) : 4,860 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) : 2,598 पद
अनुसूचित जाति (एससी) : 1,746 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) : 1,004 पद
अनुसूचित जनजाति (एसटी) : 919 पद
अनिवार्य योग्यता और आयु के मानक
सहायक लोको पायलट जैसे तकनीकी और जिम्मेदारी वाले पद के लिए शैक्षणिक योग्यता के कड़े मानक तय किए गए हैं।
शैक्षणिक योग्यता : अभ्यर्थी का न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित तकनीकी विधा (जैसे इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि) में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का प्रमाणपत्र होना चाहिए।
अभियांत्रिकी विकल्प : जिन युवाओं के पास संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा या इंजीनियरिंग की डिग्री है, वे भी इस भर्ती के लिए पूरी तरह पात्र माने जाएंगे।
आयु सीमा : एक जुलाई 2026 को गणना का आधार मानते हुए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणियों (ओबीसी, एससी, एसटी) को सरकारी नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में रियायत प्रदान की जाएगी।
तीन चरणों में होगी परीक्षा
एएलपी बनने की चयन प्रक्रिया को तीन अत्यंत महत्वपूर्ण चरणों में विभाजित किया गया है, ताकि केवल श्रेष्ठ और मानसिक रूप से सक्षम उम्मीदवारों का ही चयन हो सके।
प्रथम चरण (प्रारंभिक कंप्यूटर परीक्षा) : यह एक छंटनी परीक्षा होगी जिसमें सामान्य ज्ञान, गणित और तर्कशक्ति के प्रश्न पूछे जाएंगे।
द्वितीय चरण (मुख्य कंप्यूटर परीक्षा) : इसमें दो भाग होंगे। 'भाग-अ' के अंक मुख्य मेरिट लिस्ट का आधार बनेंगे, जबकि 'भाग-ब' में अभ्यर्थी के तकनीकी ट्रेड से संबंधित प्रश्न होंगे। इसमें न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
तृतीय चरण (मनोवैज्ञानिक परीक्षण) : इसे कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट कहा जाता है। इसमें अभ्यर्थी की एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक सतर्कता की जांच की जाती है। अंत में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और कठिन चिकित्सा परीक्षण (विशेषकर आंखों की जांच) से गुजरना होगा।
जरूरी तिथियां और शुल्क विवरण
अभ्यर्थियों को निम्नलिखित समय-सारणी का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
आनलाइन आवेदन प्रारंभ : 15 मई 2026
आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 14 जून 2026
शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि : 16 जून 2026
आवेदन सुधार की खिड़की : 17 जून से 26 जून 2026
आवेदन शुल्क : सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए 500 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं और पूर्व सैनिकों के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने कहा कि अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रवेश पत्र और परीक्षा संबंधी अन्य सूचनाओं के लिए नियमित रूप से रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। परीक्षा से चार दिन पूर्व प्रवेश पत्र पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।