रोडवेज की Double Decker बस प्रयागराज आ चुकी है, सावन बाद सिविल लाइंस में पत्थर गिरजा से झूंसी के त्रिवेणीपुरम तक चलेगी
प्रयागराज में डबल डेकर बस सेवा जल्द शुरू होगी, जो पत्थर गिरजा से झूंसी के त्रिवेणीपुरम तक चलेगी। सावन के ...और पढ़ें

प्रयाग डिपो में खड़ी डबल डेकर बस। जागरण
HighLights
मेडिकल चौराहे व रामबाग का 20 रुपये, त्रिवेणीपुरम का 30 रुपये होगा किराया
सावन के बाद शास्त्री पुल की दोनों लेन खुलते ही झूंसी तक चलेगी डबल डेकर बस
महाकुंभ में ट्रायल पर आई और बिना संचालन के चली गईं थीं डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। महाकुंभ के दौरान ट्रायल पर आई और बिना संचालन के वापस लौट गई डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों के पुन: संगम नगरी में चलने का रास्ता साफ हो गया है। पत्थर गिरिजाघर से इसका संचालन झूंसी त्रिवेणीपुरम तक होगा। न्यूनतम किराया 20 रुपये होगा, जबकि अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। रूट और किराया को ईटीएम मशीन में फीड किया जा रहा है।
डबल डेकर बस इन स्थानों से होकर चलेगी
सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरिजाघर से डबल डेकर बस सुभाष चौराहा, हनुमान मंदिर मेडिकल चौराहा पहुंचेगी। यहां से रामबाग फ्लाई ओवर के रास्ते अलोपीबाग जाएगी। आगे शास्त्री पुल के रास्ते झूंसी त्रिवेणीपुरम तक संचालन होगा, वापसी में भी यही रूट होगा। महाकुंभ में आई 26 ई-अटल बसें प्रयागराज को मिली थी। इसमें से दो डबल डेकर थीं। सभी बसों का संचालन तो शुरू हो गया लेकिन डबल डेकर के लिए रूट तय न हो पाने के कारण इसे लखनऊ वापस भेज दिया गया था।
प्रयागराज में इसलिए नहीं चल पाई थी डबल डेकर बसें
रूट पर बिजली के तार, आरयूबी, आरओबी जैसे अवरोध थे, जिसके कारण इसे प्रयागराज में न चल पाने की रिपोर्ट के साथ वापस किया गया था। हालांकि अब पुन: एक बस को प्रयागराज लाया गया और पत्थर गिरिजा से झूंसी रूट को फाइनल कर दिया गया है।
क्या कहते हैं परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक?
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक रवींद्र सिंह के अनुसार जल्द ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। 28 अगस्त तक सावन को लेकर शास्त्री पुल पर बसों का आवागमन डायवर्ट है। जैसे ही डायवर्जन खत्म होगा, झूंसी तक डबल डेकर चलने लगेगी। प्रयाग डिपो इनका संचालन करेगा।
