Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में यमुनापार के जंगल में लगी भीषण आग, मेजा के नवोदय विद्यालय तक पहुंची लपटें तो मची अफरा-तफरी

    By rajendra yadav Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sat, 11 Apr 2026 04:12 PM (IST)

    प्रयागराज के यमुनापार में मेजा के जंगल में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग मेजा स्थित नवोदय विद्यालय परिसर तक पहुंच गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मेजा के साथ ही नैनी, करछना व कोरांव के फायरकर्मी आग पर काबू करने के प्रयास में जुटे

    2. नवोदय प्रिंसिपल आवास और अतिथि आवास के पास तक पहुंचीं लपटें, विद्यार्थी हैं अलर्ट

    संसू, जागरण, मेजा (प्रयागराज)। यमुनापार में मेजा इलाके में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण लपटें करीब दो किमी के दायरे में फैलकर नवोदय विद़्यालय तक पहुंच गईं। विद्यालय के बच्चों को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं आग को बुझाने के लिए कई इलाकों से आए फायरकर्मी जुटे हैं। फिलहाल अभी लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका है। 

    मेजा में कताई मिल के पास से लगी आग 

    मेजा के जंगल में शनिवार दोपहर करीब एक बजे कताई मिल के पास आग लग गई। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिस कारण पलभर में आग तेजी से फैली। लगभग दो किलोमीटर के दायरे में फैली आग को देखकर लोगों में खलबली मच गई। नवोदय विद्यालय के पास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय कन्या विद्यालय के पास भी लपटें पहुंच गईं।

    prayagraj fire in meja

    नवोदय के प्रिंसिपल आवास व अतिथि गृह तक लपटें 

    खबर पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को दी गई। थोड़ी देर में पुलिस के साथ मेजा से दो फायर टेंडर के साथ फायरकर्मी पहुंचे। तब तक आग नवोदय विद्यालय व गोशाला के करीब पहुंच गई थी। कुछ ही देर बाद विद्यालय की चहारदीवारी के अंदर और इसके बाद प्रिंसिपल आवास और अतिथि गृह तक आग की लपटें पहुंच गईं। नवोदय के बच्चों को अलर्ट मोड में कर दिया गया है। 

    prayagraj fire near meja Navodaya Vidyalaya

    बीड़ी-सिगरेट की चिंगारी से भड़की आग?

    फायरकर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद नैनी, करछना, कोरांव से भी फायरकर्मियों को भेजा गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा का कहना है कि आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। आग किन कारणों से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि किसी ने जलती बीड़ी या सिगरेट फेंक दिया, जिससे आग लगी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज के DPS में राज्यपाल के हेलीकाप्टर को उतरना था, वीआइपी ड्यूटी पर तैनात दारोगा को आया हार्ट अटैक; चली गई जान

    यह भी पढ़ें- बेटी की शादी से लौट रहे दंपती ट्रेन में गहरी नींद में थे, 60 हजार नकद व 7.49 लाख के आभूषण भरा ट्राली बैग चलती ट्रेन में चोरी