Kaushambi Blast: पटाखा फैक्ट्री में धमाके से रेलवे का हाईटेंशन टावर और लाइन क्षतिग्रस्त, शुरू हुआ मरम्मत कार्य
मनौरी में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से रेलवे की 132 केवी सिराथू-मनौरी ट्रांसमिशन लाइन और एक टावर ...और पढ़ें

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री में धमाका।
HighLights
मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ।
रेलवे की 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन क्षतिग्रस्त हुई।
क्षतिग्रस्त टावर और लाइन की मरम्मत जारी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जनपद के समीपवर्ती क्षेत्र मनौरी में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक हुए भीषण विस्फोट से रेलवे की विद्युत पारेषण व्यवस्था प्रभावित हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि 132 केवी सिराथू-मनौरी ट्रैक्शन सब-स्टेशन ट्रांसमिशन लाइन के कंडक्टर (तार) और एक विशालकाय टॉवर को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
अधीक्षण अभियंता (पारेषण मंडल द्वितीय, प्रयागराज) पीआर सिंह ने बताया कि यह हादसा पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे हुआ। धमाका 132 केवी सिराथू-मनौरी टीएसएस लाइन के बेहद करीब स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुआ था। विस्फोट की भीषण तीव्रता के कारण लाइन के कंडक्टर और वहां स्थापित रेलवे का एक टावर क्षतिग्रस्त हो गया।
अधीक्षण अभियंता के अनुसार, संबंधित दोनों टर्मिनल सब-स्टेशन और यह संपूर्ण ट्रांसमिशन लाइन पूर्ण रूप से रेलवे के स्वामित्व एवं अनुरक्षण (मेंटेनेंस) के अधीन आती है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का तकनीकी दस्ता और अनुरक्षण टीम तत्काल मौके पर रवाना हो गई।
विद्युत आपूर्ति में व्यवधान न आए और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जा सके, इसके लिए युद्धस्तर पर मरम्मत और बहाली कार्य शुरू कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को तत्काल वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता पीआर सिंह ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी कौशांबी, जिलाधिकारी प्रयागराज तथा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) प्रयागराज को औपचारिक रूप से विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है, ताकि तकनीकी बहाली के साथ जरूरी प्रशासनिक व सुरक्षात्मक कदम उठाए जा सकें।
हादसे के मुख्य बिंदु
हादसे का समय: पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे
स्थान: 132 केवी सिराथू-मनौरी टीएसएस लाइन के निकट
क्षति: ट्रांसमिशन लाइन के कंडक्टर और एक टावर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त
वर्तमान स्थिति: रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत कार्य प्रगति पर
