प्रयागराज में पुत्र जन्म की खुशी में हो रहा था आयोजन, हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की चली गई जान
प्रयागराज के निरिया गांव में पुत्र जन्म के जश्न में हर्ष फायरिंग के दौरान 24 वर्षीय सर्वेश यादव की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी विजय यादव को ...और पढ़ें

प्रयागराज के करछना में हर्ष फायरिंग में जान गंवाने वाले सर्वेश उर्फ गोलू यादव की फाइल फोटो।
HighLights
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर रिवाल्वर किया बरामद
यमुनापार के करछना थाना क्षेत्र के निरिया गांव में हुई घटना
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पुत्र जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में उल्लास का माहौल था। अचानक अति उत्साही युवक ने हर्ष फायरिंग की। पास ही खड़े एक युवक को गोली लग गई। इससे उसकी मौत हो गई और हंसी-खुशी का माहौल गमगीन हो उठा।
यमुनापार में करछना थाना क्षेत्र के भुंडा चौकी अंतर्गत निरिया गांव में सोमवार देर रात पुत्र जन्म की खुशी में बधावा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से 24 वर्षीय सर्वेश उर्फ गोलू यादव की मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोग मौके से भाग निकले। मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर रिवाल्वर बरामद कर ली है।
निरिया गांव निवासी अनूप यादव के यहां पुत्र जन्म की खुशी में महिला के मायके पक्ष की ओर से बधावा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। देर रात तक चल रहे कार्यक्रम के दौरान अनूप यादव के चचेरे भाई ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम में मौजूद गांव के ही विजय यादव ने करीब 14 राउंड फायरिंग के बाद उसे और गोली चलाने से मना किया।
इसी दौरान चली एक गोली राजेंद्र प्रसाद यादव के पुत्र सर्वेश उर्फ गोलू यादव को जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्वजन आनन-फानन उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। सर्वेश चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अविवाहित था। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता राजेंद्र प्रसाद यादव की तहरीर पर गांव के ही विजय यादव पुत्र राधिका प्रसाद यादव के खिलाफ हर्ष फायरिंग करने के दौरान गोली लगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित को रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया है।