Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुबह नौ बजे से चलने लगी लू, 10 बजे तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा; पूरे दिन भट्टी की तरह तपती रही संगम नगरी

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Mon, 18 May 2026 05:40 PM (IST)

    प्रयागराज में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जहां सुबह 9 बजे से ही लू चलने लगी और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 24 मई तक ...और पढ़ें

    प्रयागराज के कटरा में तेज धूप और लू से बचने के लिए चेहरे को ढंककर सड़क पर निकलीं छात्राएं। जागरण

    प्रयागराज के कटरा में तेज धूप और लू से बचने के लिए चेहरे को ढंककर सड़क पर निकलीं छात्राएं। जागरण

    HighLights

    1. मौसम विभाग ने 24 मई तक प्रचंड लू का अलर्ट जारी किया है

    2. गर्म हवाओं के थपेड़ों ने राहगीरों को झुलसाया, बाजार में सन्नाटा 

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भीषण गर्मी ने सोमवार 18 मई को लोगों का जीना मुहाल कर दिया। सुबह से ही सूरज के तेवर इतने तीखे हो गए कि नौ बजे से ही लू चलने लगी और सुबह 10 बजे तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर चढ़ते-चढ़ते पूरा शहर मानो आग की भट्टी में तब्दील हो गया। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

    गर्मी, लू अभी और परेशान करेगी 

    मौसम विभाग ने 24 मई तक प्रचंड लू का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार सुबह से ही आसमान से आग बरसती महसूस हुई। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सूरज ऊपर से आग उगल रहा था तो नीचे धरती से गर्म हवा का भभका उठ रहा था।

    सड़कों पर वीरानी छाई रही

    सुबह साढ़े आठ बजे ही वातावरण में नमी यानी आर्द्रता घटकर 32 प्रतिशत रह गई, जबकि रविवार को इसी समय यह 59 प्रतिशत थी। आर्द्रता में अचानक आइ इस भारी गिरावट ने गर्मी की तपिश को और अधिक खतरनाक बना दिया। दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग खाली नजर आईं। चौराहों पर आम दिनों जैसी भीड़ नहीं दिखी। बाजार में भी सन्नाटा रहा गर्म हवाओं के थपेड़ों ने राहगीरों को झुलसा दिया।

    अस्पतालों में मरीजों की बढ़ी भीड़ 

    बाइक सवार चेहरे को कपड़े से ढंककर निकले, जबकि फुटपाथों और बस स्टाप पर लोग छांव तलाशते नजर आए। कई इलाकों में ठंडे पेय और गन्ने के रस की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। अस्पतालों में भी उल्टी, चक्कर और हीट एग्जाशन जैसी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

    खबरें और भी

    अधिकतम तापमान 46 डिग्री के करीब 

    मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। 24 मई तक तेज सतही हवाएं चलने और प्रचंड लू बने रहने की संभावना जताई गई है।

    अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं 

    मौसम विभाग का कहना है अगले सात दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञों ने दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। चिकित्सकों ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है।

    यह भी पढ़ें- इलाहाबाद विश्वविद्यालय के BCom द्वितीय वर्ष का परिणाम घोषित, 80.27 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल

    यह भी पढ़ें- मधुमक्खी पालन : शहद बेचकर प्रति वर्ष 10 लाख रुपये की कर रहे आय, प्रयागराज के 200 किसान इस व्यवसाय से जुड़े