अवैध बालू खनन के खिलाफ संगम नगरी में प्रशासन-पुलिस व खनन विभाग की छापेमारी, एक दर्जन ट्रक और कई डंपर सीज
प्रयागराज में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग ने बड़ी छापेमारी की, जिसमें एक दर्जन ट्रक और कई डंपर सीज किए गए। यमुना किनारे अवैध बा ...और पढ़ें

प्रयागराज में नैनी के लेप्रोसी मिशन चौराहे के पास पकड़ा गया अवैध बालू लदा ट्रक। जागरण
HighLights
दैनिक जागरण के समाचारीय अभियान को लेकर प्रशासन और खनन विभाग हुआ सक्रिय
यमुना के किनारे अवैध बालू लादकर जा रहे एक दर्जन ट्रकों और डंपरों को किया सीज
ब्लाक प्रमुख जसरा के बेटे के नाम पट्टा क्षेत्र के बाहर किया जा रहा था बालू खनन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग की गुरुवार पूरी रात छापेमारी की कार्रवाई चली। गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार तक 119 ट्रकों का चालान किया गया, जिसमें एक दर्जन ट्रकों व डंपरों को सीज भी किया गया। अवैध बालू लादकर ले जा रहे जो ट्रक व डंपर सीज किए गए हैं, उनमें ज्यादातर का बीमा समाप्त है तो कई का फिटनेस भी खत्म था।
गंगा व यमुना में अवैध बालू का खनन पकड़ा
वहीं शुक्रवार को दिन में कई स्थानों पर गंगा व यमुना में अवैध बालू का खनन पकड़ा गया। नैनी के देवरख में पट्टा क्षेत्र के बाहर अवैध बालू खनन के मामले में पट्टाधारक जसरा ब्लाक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह के बेटे विकास सिंंह को नोटिस भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां पर सरिता कांस्ट्रक्शन के नाम खनन पट्टा है, जिसके प्रोपराइटर विकास हैं। एसडीएम करछना व आइएएस अधिकारी भारती मीणा ने देवरख, लवायन, मवैया कछार आदि स्थानों पर छापेमारी की।
अब तक लगभग 1.12 करोड़ रुपये का चालान
गंगा और यमुना में अवैध रूप से बालू के खनन के खिलाफ कार्रवाई में अब तक लगभग 1.12 करोड़ रुपये का चालान काटा गया है, जिसमें मेजा के परानीपुर की पट्टाधारक शकुंतला देवी पत्नी पंजाब सिंह निवासी बिसेनपुर, मेजा तथा रमेश तिल्लूरी निवासी हैदराबाद का 50 लाख रुपये का चालान शामिल है। इसके अलावा 62 लाख रुपये का चालान ट्रकों व डंपरों का आनलाइन काटा गया है।
डीएम के निर्देश पर अभियान में पांच टीमें शामिल
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को चलाए गए अभियान में पांच टीमें शामिल थीं। नैनी क्षेत्र में यमुना में मोहब्बतगंज में पट्टाधारक को नोटिस जारी किया गया है। बसवार में अवैध खनन के खिलाफ माफिया के खिलाफ घूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें तीन लोगों को नामजद कराया गया तथा दर्जनों अज्ञात लोग शामिल किए गए।
खबरें और भी
खनन निरीक्षक ने दर्ज कराया केस
वहीं कंजासा गांव में भी यमुना में अवैध खनन के मामले में माफिया को नामजद करते हुए घूरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दोनों मुकदमें खनन निरीक्षक वैभव सोनी की ओर से कराए गए हैं। बताया कि जिन स्थानों पर अवैध बालू का खनन पकड़ा गया है, वहां पर नायब तहसीलदार से पैमाइश करा दी गई है। पट्टाधारकों के साथ ही जो लोग बिना पट्टा के ही अवैध बालू का खनन करा रहे हैं, उन पर जुर्माना लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।