प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, रेलयात्रियों के साथ शहरवासियों का यातायात सुगम होगा
प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा, जिससे रेल यात्रियों और शहरवासियों का आवागमन सुगम होगा। यात्रियों ...और पढ़ें

इलेक्ट्रिक बस। जागरण आर्काइव
HighLights
नई बसों का बेड़ा पहुंचने के साथ ही शुरू हो जाएगा संचालन
दिसंबर तक सिविल लाइंस साइड से बसों का रूट तय होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेल यात्रियों के साथ ही शहवावासियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। नई बसों के प्रयागराज पहुंचने के बाद जंक्शन को भी इलेक्ट्रिक बस के रूट में शामिल किया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम रूट तैयार कर रहा है।
जंक्शन पर पुनर्विकास कार्य खत्म होने पर बस चलेगी
अनुबंधित इलेक्ट्रिक बस चालकों ने जंक्शन के रास्ते बस चलाने के लिए प्रस्ताव दिया है। सिविल लाइंस साइड में अभी प्रयागराज जंक्शन का पुनर्विकास का कार्य अपने अंतिम चरण में है। दिसंबर तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बार जंक्शन पर आवागमन के निर्धारित रास्ते भी व्यवस्थित हो जाएंगी। इसी कार्य के पूरा होने के साथ ही बसों के संचालन की प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि पांच-छह महीने का समय इसमें लगेगा।
रेल यात्रियों को बस न चलने से होती है असुविधा
परिवहन निगम की योजना है कि जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड में जैसे ही आवागमन के रास्ते साफ और स्पष्ट हों, तुरंत सेवा शुरू कर दी जाए। इस प्रक्रिया में देरी से बचने के लिए बसों का ट्रायल और किराया निर्धारण का काम पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। अभी सिविल लाइंस की तरफ से कोई भी साधारण या इलेक्ट्रिक बस नहीं चलती है। यात्रियों को ट्रेन से उतरकर मुख्य बस अड्डे तक अलग से आटो या ई-रिक्शा जाना पड़ता है।
प्लेटफार्म 6 से 10 तक के यात्रियों को अधिक सुविधा
बस चलने से जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर छह से लेकर 10 की तरफ उतरने वाले यात्रियों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। वे स्टेशन से बाहर निकलते ही सीधे इलेक्ट्रिक बस पकड़ सकेंगे। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि आवंटित इलेक्ट्रिक बसें जब प्रयागराज जा जाएंगी तो उन्हें प्रयागराज जंक्शन समेत अन्य रूटों पर भी चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।