प्रयागराज जंक्शन पर फूड प्लाजा बंद, पांच दिन में सामान हटाने के निर्देश; यात्रियों को अब यहां भोजन की नहीं मिलेगी सुविधा
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित IRCTC का फूड प्लाजा पुनर्विकास कार्य के चलते बंद कर दिया गया है। हालांकि इसे जल्द ही स्टेशन पर किसी अन ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बंद किया गया फूड प्लाजा। जागरण
HighLights
जंक्शन के पुनर्विकास के चलते रेलवे ने लिया निर्णय
आइआरसीटीसी का फूड प्लाजा 2023 में खुला था
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित आइआरसीटीसी के 'फूड प्लाजा' को बंद कर दिया गया है। 20 जुलाई की रात 11:55 बजे से यहां खान-पान और खाद्य सेवा से जुड़ी सभी गतिविधियां ठप कर दी गई। आइआरसीटीसी द्वारा फूड प्लाजा का ठेका लगभग एक करोड़ रुपये में 12 अप्रैल 2023 को मेसर्स एएस सेल्स कार्पोरेशन को नौ वर्षों के लिए आवंटित किया गया था। 24 अगस्त 2023 से यहां यात्रियों को भोजन की सुविधा मिल रही थी। फूड प्लाजा को बंद करने का मुख्य कारण प्रयागराज जंक्शन पर चल रहा पुनर्विकास कार्य है।
एनसीआर प्रयागराज मंडल ने IRCTC को भेजा पत्र
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज मंडल द्वारा 19 जून को आइआरसीटीसी को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया था कि स्टेशन जीर्णोद्धार में बाधा न आए, इसलिए प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित खान-पान इकाइयों को बंद कराया गया है। जंक्शन पर फिलहाल कोई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध न होने के कारण आइआरसीटीसी और सक्षम प्राधिकारियों ने प्रशासनिक आधार पर इस अनुबंध को समय से पहले रद करने का फैसला किया है। निर्देश है कि परिसर में रखा फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामग्री अगले चार-पांच दिनों के भीतर पूरी तरह हटा लिया जाए।
जंक्शन के दूसरे स्थान पर स्थानांतरित होगा फूड प्लाजा
आइआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि पूर्व में भेजे गए आदेश के अनुपालन में ही प्लाजा बंद कराया गया है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह के अनुसार फूड प्लाजा एक-दो दिन में उसी स्थान पर पूर्व की भांति संचालित होगा। माघ मेला तक इसी स्थान पर प्लाजा चलेगा। इस बीच जंक्शन के दूसरे स्थान पर उसको स्थानांतरित किया जाएगा।