प्रयागराज जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्म की सौगात, छह साल बाद यह आकार लेने लगा; समतलीकरण का कार्य शुरू
प्रयागराज जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्म बनाने का कार्य छह साल बाद शुरू हो गया है। यह नए प्लेटफार्म कांकोर्स निर्माण में सहायक होंगे और 26 कोच तक की ट्रेन ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन पर विकास कार्य। जागरण आर्काइव
HighLights
कुंभ 2019 के बाद तय हुआ था जंक्शन पर बनेंगे दो नए प्लेटफार्म
प्लेटफार्म सात-आठ और नौ-10 के बीच बनेंगे नए प्लेटफार्म।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्म को लेकर छह साल से चल रही संकल्पना साकार होने का क्रम शुरू हो गया है। प्लेटफार्म सात-आठ व नौ-10 के बीच नए प्लेटफार्म बनाने के लिए जमीन समतलीकरण का कार्य शुरू हो गया। बीते दिनों यार्ड रिमार्डलिंग के बाद यहां दो पुरानी लाइनों 14 व 15 को हमेशा के लिए खत्म कर दिया गया है। अब लाइनों की संख्या 27 से घटकर 25 रह गई है। इसके अलावा लाइन नंबर नौ, 10, 11, 12, 13 16 और 17 की लंबाई बढ़ा दी गई है।
नया प्लेटफार्म पुरानी लाइन नंबर 14-15 पर बनेगा
पुरानी लाइन नंबर 14-15 पर ही अब नया प्लेटफार्म बनेगा। यह प्लेटफार्म नौ-10 और सात-आठ के बीच होगा। इस कार्य का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि स्टेशन पुनर्विकास की परियोजना में अधर में लटके कांकोर्स अब बन सकेगा। कांकोर्स के लिए जिन पिलरों को बनाने की आवश्यकता थी अब उन्हें इसी प्लेटफार्म पर बनाया जाएगा।
प्लेटफार्म पर 26 कोच की ट्रेन खड़ी हो सकेगी
वर्तमान में अधिकतम लंबी ट्रेन 22 कोच की ही होती है। हालांकि अब इस कार्य के पूरा होने से प्लेटफार्म पर 26 कोच तक वाली ट्रेन को भी पर आसानी से लगाया जा सकेगा। दो नए प्लेटफार्म बन जाने से प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफार्म की संख्या भविष्य में 12 हो जाएगी। मौजूदा नौ व दस नंबर प्लेटफार्म 11-12 बन जाएगा।
यात्रियों को प्लेटफार्म ढूंढने में परेशानी नहीं होगी
हालांकि भविष्य में रेलवे की योजना है कि प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफार्मों का नंबर बदलने के दौरान प्लेटफार्म नंबर छह को 12 के रूप में स्थापित किया जाए। ऐसा करने से यात्रियों को प्लेटफार्म ढूंढने में होने वाली परेशानी खत्म हो सकेगी और सफर आरामदायक होगा।