प्रयागराज जंक्शन का कायाकल्प: जाम से मुक्ति मिलेगी, अब सीधे अंडरग्राउंड पार्किंग में वाहन ले जा सकेंगे
प्रयागराज जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड में नौ मंजिला इमारत और आधुनिक पार्किंग का काम तेज है। यात्रियों को जाम ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड में पार्किंग-सर्कुलेटिंग एरिया का काम तेज है।
HighLights
सिविल लाइंस साइड में पार्किंग-सर्कुलेटिंग एरिया का काम तेज, माघ मेला से पहले होगा फिनिसिंग
960 करोड़ रुपये से संवर रहा स्टेशन, नौ मंजिला इमारत में खुलेंगे माल, होटल और मल्टीप्लेक्स
जागरण संवाददातास, प्रयागराज। संगम नगरी के सबसे व्यस्त प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन ये यात्रा करने जा रहे हैं, तो अब आपको नवाब यूसुफ रोड के जाम में फंसने और पार्किंग के लिए भटकने की चिंता नहीं सताएगी। स्टेशन के सिविल लाइंस साइड में बन रही नौ मंजिला (जी-9) नई इमारत का ढांचा बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है।
महाप्रबंधक के औचक निरीक्षण के बाद काम में और तेजी
अब यहां सर्कुलेटिंग एरिया की साज-सज्जा, फर्श और आधुनिक पार्किंग को अंतिम रूप देने का काम शुरू हो गया है। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के औचक निरीक्षण के बाद इस काम में और तेजी लाई गई है, ताकि आने वाले माघ मेले से पहले इस परिसर का उपयोग शुरू किया जा सके।
नवाब यूसुफ रोड से अंडरग्राउंड पार्किंग का होगा रास्ता
अब तक जंक्शन के मुख्य गेट और सर्कुलेटिंग एरिया में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण पैदल चलने वाले यात्रियों को भी भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। कई बार जाम के चलते लोगों की ट्रेन तक छूट जाती थी। नई व्यवस्था लागू होते ही सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। स्मिथ रोड सर्कुलेटिंग एरिया से गुजरेगी, उससे से वाहनों को गो एंड ड्राप के लिए चलाया जाएगा। नवाब यूसुफ रोड से सीधे अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए एक नया और समर्पित रास्ता बनाया जा रहा है। वाहन चालक सड़क से बिना किसी रुकावट के सीधे कवर्ड पार्किंग में प्रवेश कर सकेंगे।
धूप-बारिश से बचाव और 24 घंटे वाहन सुरक्षा
अंडरग्राउंड पार्किंग बनने से गाड़ियों को खुले में धूप और बारिश से होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी। साथ ही पूरे पार्किंग क्षेत्र को हाईटेक सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा गार्डों की निगरानी में रखा जाएगा, जिससे वाहनों में तोड़फोड़ या चोरी की आशंका खत्म हो जाएगी। स्टेशन के सामने का हिस्सा खाली रहने से परिसर खुला, सुंदर और पूरी तरह जाम-मुक्त दिखेगा।
यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं
करीब 960 करोड़ रुपये की लागत से संवर रहा प्रयागराज जंक्शन सिर्फ रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि एक बड़ा कमर्शियल हब बनने जा रहा है। शॉपिंग और मनोरंजन का यहां प्रबंधक होगा। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) इस नौ मंजिला इमारत के तीसरे से नौवें फ्लोर को 45 साल के लिए लीज पर देने जा रहा है। दो लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में माल, मल्टीप्लेक्स, बजट होटल और फूड प्लाजा खुलेंगे।
बढेंगी यात्री सुविधाएं
ग्राउंड फ्लोर पर टिकट काउंटर और रेलवे दफ्तर होंगे। यात्री पहली मंजिल पर बने भव्य 'कानकोर्स' में बैठेंगे और ट्रेन आने पर एस्केलेटर व स्काईवाक के जरिए सीधे अपने प्लेटफार्म पर पहुंच सकेंगे। मंडल पीआरओ अमित सिंह के अनुसार, यह प्रोजेक्ट यात्रियों को एयरपोर्ट स्तर का अनुभव देगा और प्रयागराज जंक्शन को उत्तर भारत के सबसे आधुनिक स्टेशनों में शामिल करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।