Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज का करछना विधानसभा : स्मार्ट कक्षाएं मिलीं पर सड़क-बिजली में और सुधार के प्रयास की आवश्यकता

    By Amlendu Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sat, 25 Jul 2026 05:15 PM (IST)

    प्रयागराज की करछना विधानसभा में स्मार्ट कक्षाओं और सड़क निर्माण जैसे कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन बिजली आपूर्ति, खस्ताहाल सड़कें और जल निकासी जैसी मू ...और पढ़ें

    करछना विधानसभा क्षेत्र के विधायक पीयूष रंजन निषाद का रिपोर्ट कार्ड।

    करछना विधानसभा क्षेत्र के विधायक पीयूष रंजन निषाद का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. एलीवेटेड फ्लाई ओवर नैनी जेल से सरस्वती हाईटेक सिटी तक मंजूर

    2. डीहा में बन रहा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय मजबूत करेगा शिक्षण व्यवस्था

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में करछना विधानसभा के 248 परिषदीय स्कूलों में 137144000 रुपये से स्मार्ट कक्षाओं का निर्माण कराया गया। प्रदेश में शायद पहली विधानसभा है जहां सभी बेसिक स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं का दावा है। 35 स्थलों पर 25375000 रुपये से यात्री प्रतीक्षालय बनवाए गए। विभिन्न ग्राम सभाओं और नगर निगम के विस्तारित क्षेत्रों में 229 करोड़, 56 लाख 50 हजार से सड़क निर्माण, लगभग 20 स्थानों पर एक करोड़ पैतीस लाख रुपये से ओपेन जिम और सोलर लाइट लगी है।

    बिजली व्यवस्था पर लोगों में असंतोष

    लगभग 262 स्थानों पर 43076000 करोड से हाईमास्ट लगवाए गए हैं। विभिन्न ग्राम सभाओं व विस्तारित क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना आवास, शौचालय, किसान सम्मान निधि योजना, वृद्धा पेंशन योजना, दिव्यांगजन योजना का लाभ लोगों को दिलाने की बात कही जा रही है। बावजूद इसके क्षेत्र की ढेरों सड़कें खस्ताहाल हैं। कई गांवों में जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोग परेशान हैं। बिजली आपूर्ति की व्यवस्था और सरकारी अफसरों की कार्यप्रणाली से भी जनमानस में असंतोष है।

    करछना विधानसभा

    कुल मतदाता - 278536
    पुरुष मतदाता - 155239
    महिला मतदाता - 123266

    विधानसभा में उठाई आवाज 

    क्षेत्रीय विधायक की सक्रियता की चर्चा करें तो विधानसभा में उपस्थिति 90 प्रतिशत से अधिक है। तटीय इलाके जो प्रतिवर्ष बाढ़ में डूब जाते हैं उनके बचाव के लिए तटबंध की मांग विधानसभा में कर चुके हैं। उद्योग लगवाने के लिए भी आवाज उठा चुके हैं लेकिन अभी इस दिशा में बदलाव नजर नहीं आ रहा। विधानसभा के लिए दर्जनभर से अधिक बड़ी परियोजनाएं मंजूर हो चुकी हैं लेकिन उनका जमीन पर उतरना बाकी है। इन परियोजनाओं में एलीवेटेड फ्लाई ओवर नैनी जेल से सरस्वती हाईटेक सिटी तक, डीहा में 33 केवीए का पावर हाउस, ग्राम सभा सुलमई में 33 केवीए का पावर हाउस, डीहा में ही 100 बेड का अस्पताल शामिल है।

    दर्जनों स्कूलों तक बारिश में पहुंचना कठिन

    मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय डीहा में बनना है, इसमें 26.90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका भूमिपूजन हो चुका है। दूसरी तरफ ग्रामीणों का कहना है कि दर्जनों स्कूल ऐसे हैं जहां बारिश में पहुंचना कठिन हो जाता है। वहां सड़कें और जल निकासी की व्यवस्था आवश्यक है। क्षेत्र के लिए मंजूर हुए कार्यों की सूची देखें तो डीहा में मिनी स्टेडियम का निर्माण 23 करोड़ से, बघेडा में अरई जरकुटी शिव मंदिर से निषाद बस्ती, शीतला मां के मंदिर तक सड़क निर्माण, अकोढ़ा में मार्ग निर्माण, घरवारा विश्वकर्मा बस्ती से सोनकर बस्ती होते हुए तुरकहा काली रोड़ तक सड़क निर्माण, पिपरांव दलित बस्ती से भटौली संपर्क मार्ग शामिल है।

    खबरें और भी

    काली सड़कें मंजूर हो चुकी हैं 

    ग्राम सभा टकटैया में गोजैहा पक्की सड़क से बदई का पूरा तक काली सड़क मंजूर हो चुकी है। इसके अतिरिक्त लगभग 2468 लोगों को सोलर लाइट देने का भी कार्य गतिमान है। इन सब के साथ आम जन की आकांक्षा है कि अवस्थापना सुविधाओं को बढ़ाया जाए। जनप्रतिनिधि का जुड़ाव भी आम लोगों से बढ़े।

    वर्ष 2022 से 2026 तक करछना विधानसभा के 269 लोगों को कुल 54891243 रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई गई। ये सभी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे जिससे उनका इलाज हो सके। क्षेत्र में लोगों को पीने का पानी मिले इसके लिए विभिन्न ग्राम सभाओं में पेयजल टंकियों का निर्माण कराने के साथ कुछ टंकियों का मरम्मतीकरण भी कराया गया। विभिन्न ग्राम सभाओं में आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगवाने के साथ जर्जर तारों को भी बदलवाया गया। कुछ ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़वाई गई।विभिन्न ग्राम सभाओं में पंचायत भवन का निर्माण और मरम्मतीकरण हुआ।राजकीय सिंचाई नलकूप का नव निर्माण, पुराने नलकूपों का मरम्मतीकरण, भगनपुर पोतनिहा से खैरागढ़ भटौती मार्ग पर पुल निर्माण, मड़ौका से करैलाबाग होते हुए एयरपोर्ट प्रयागराज तक पुल निर्माण, डीपीएस से पनासा तक बांध निर्माण, पुरान यमुना पुल से सुजावन देव होते हुए यमुना किनारे बांध रोड, चाका सीएचसी को ट्रामा सेंटर में परिवर्तन की मंजूरी मिल चुकी है।
    - पीयूष रंजन निषाद, विधायक, करछना

    मूलभूत सुविधाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। दर्जनों गांव में जाने का रास्ता नहीं है, बारिश के दिनों में जलभराव हो जाता है। मुंगारी चौराह से मनैया घाट तक सड़क बनवाने की मांग चार साल से चल रही है, लेकिन अब तक नहीं बनी। सरकारी विभाग के लोग भी मनमानी कर रहे। मनैया गांव में निजी नलकूल के लिए ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए आठ महीने पहले शुल्क जमा हुआ लेकिन अब तक काम नहीं हुआ। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि के लिए लोग दौड़ रहे जन प्रतिनिधि से मुलाकात नहीं हो रही। गांव में सरकारी कालोनी के लिए भी लोगों से धन उगाही हो रही है।
    - अरविंद कुमार शुक्ल, बसपा नेता

    लोगों का विचार 

    तहसील स्तर पर खेलकूद के लिए स्तरीय स्टेडियम बनाया जाना चाहिए जिससे ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अवसर मिले। उन्हें अच्छा प्रशिक्षण दिया जाए, उसके लिए भी प्रशिक्षक नियुक्त हों। यदि ऐसा होता है तो क्षेत्र में खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
    - संदीप त्रिपाठी, भीरपुर

    क्षेत्र की सड़कें बहुत खराब हैं। हमारे गांव की सड़क बहुत वर्ष पहले बनी थी, अब जर्जर हो चुकी है। यहां पर प्रतिदिन अंतिम संस्कार के लिए दूर दराज से लोग आते हैं लेकिन खराब सड़क की वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
    - अभिषेक द्विवेदी, मनैया 

    क्षेत्र की सड़कों की हालत बहुत खराब है। ब्योहरा गांव जाने वाली सड़क का मरम्मतीकरण कई वर्ष से नहीं हुआ। जब से नई रेलवे लाइन बनी है तब से गांव में आने-जाने का कोई मार्ग नहीं है जबकि स्थाई रास्ता बनाने की आवश्यकता है।
    - मोहम्मद फैसल, व्योहरा

    करछना का मामा भांजा क्षेत्र बहुत पुराना है। यहां अब भी बजार लगती है। जनसंख्या भी अधिक है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। बारिश में जगह-जगह पानी भरा रहता है। लोगों को बिजली कटौती की समस्या से भी जूझना पड़ता है।
    - अनुग्रह चौरसिया, मामा भांजा