प्रयागराज में पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोरेज का लाइसेंस रद, अमोनिया गैस रिसाव से इमारत ढहने से बड़ा हादसा हुआ था
प्रयागराज के फाफामऊ में पूर्व मंत्री व सपा नेता अंसार अहमद के कोल्ड स्टोरेज का लाइसेंस रद कर दिया गया है। यह कार्रवाई कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रि ...और पढ़ें

प्रयागराज के चंदापुर में कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया का टैंक फटने के बाद बचाव कार्य में जुटी आपदा , पुलिस व अग्निशमन टीम व भीड़। जागरण आर्काइव
HighLights
डीएम के निर्देश पर उप निदेशक उद्यान ने की निरस्तीकरण की कार्यवाही
वर्ष 2030 तक के लिए लाइसेंस का पूर्व मंत्री ने करा लिया था नवीनीकरण
कोल्ड स्टोरेज की पूरी इमारत को किया जाएगा ध्वस्त, दूसरे स्थानों पर भेजा जा रहा आलू
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में फाफामऊ के चंदापुर में सपा सरकार में मंत्री रहे अंसार अहमद के शीतगृह पर प्रशासन की ओर से एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। इस कोल्ड स्टोरेज का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
हादसे में 4 श्रमिकों की मौत व 18 घायल हुए थे
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर उप निदेशक उद्यान कृष्ण मोहन चौधरी ने यह कार्रवाई की है। इस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया रिसाव के चलते इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया था, जिसमें चार श्रमिकों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 18 कामगार घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
नियम विरुद्ध नवीनीकरण हुआ था लाइसेंस
शीतगृह में सोमवार को हुए भयावह हादसे के बाद डीएम ने एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी की जांच रिपोर्ट के मुताबिक इस शीतगृह के लाइसेंस का नियम विरुद्ध नवीनीकरण किया गया था।
प्राइवेट इंजीनियर के फिटनेट रिपोर्ट पर नवीनीकरण
एक प्राइवेट इंजीनियर की ओर से दिए गए इमारत की फिटनेस रिपोर्ट पर जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने वर्ष 2025 में पांच वर्षों के लिए लाइसेंस का नवीनीकरण कर दिया था, जबकि शीतगृह का भवन जर्जर हो गया था।
खबरें और भी
जिला उद्यान अधिकारियों को निलंबित हैं
जांच रिपोर्ट पर ही मंगलवार को जिला उद्यान अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था। अब इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर शीतगृह का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया। इसके लिए डीएम की ओर से उद्यान विभाग को निर्देश जारी किया गया था।
2013 से 23 तक विवाद के कारण बंद था कोल्ड स्टोरेज
विवादों के चलते वर्ष 2013 से 2023 तक कोल्ड स्टोरेज बंद रहा, फिर 2024 में एक वर्ष तथा 2025 में पांच वर्ष के लिए इसके लाइसेंस का नवीनीकरण हुआ था। वर्ष 1989 से इस शीतगृह का निर्माण शुरू हुआ था और वर्ष 1992 में इसका संचालन शुरू हुआ था।
शीतगृह की दीवार बेहद कमजोर हो गई थी
उच्च स्तरीय जांच कमेटी को लोक निर्माण विभाग की ओर से दी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि शीतगृह की दीवार बेहद कमजोर हो गई थी। कंक्रीट के बजाय ईंट के पिलर की मजबूती खत्म हो चुकी थी। वहीं चैंबर की छतों की सरिया जंग खाकर गल गई थीं।
पूर्व मंत्री समेत चार को भेजा गया था जेल
इस हादसे में पूर्व मंत्री समेत चार लोगों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि कई लोगों की तलाश की जा रही है। इमारत में बाईं ओर निर्मित शेड से छत स्लैब की बीम को ईंट की कालम के ऊपर बीम व कालम को आपस में जोड़ा नहीं गया था।
भवन ध्वस्त कराया जाएगा
शेड की स्लैब में रिइन्फोर्समेंट के लिए आवश्यक न्यूनतम कवर नहीं किया गया था जो जंग का बड़ी वजह बनीं। इन वजहों से अब इसके बचे हुए हिस्से को भी बेहद कमजोर होने की आशंका जताई गई है जिससे इसके भवन को ध्वस्त कराया जाएगा।
जांच रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस निरस्त : डीएम
डीएम मनीष कुमार वर्मा का कहना है कि फाफामऊ के चंदापुर स्थित मेसर्स आदर्श कोल्ड स्टोरेज एंड आइस फैक्ट्री में अमोनिया रिसाव व भवन के गिरने की घटना की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस निरस्त करा दिया गया है। इसमें रखे आलू को आसपास के शीतगृहों में जमा कराया जा रहा है।