कहां छिपा है लूट का आरोपित छैला बाबू...जमीन निगल गई या आसमान, प्रयागराज पुलिस जल्द पकड़ने का कर रही दावा
प्रयागराज के मांडा इलाके में आभूषण कारोबारी से हुई लूट के मुख्य आरोपित छैला बाबू सरोज की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं। गंगापार के इलाकों में द ...और पढ़ें

प्रयागराज के मांडा में लूट के मुख्य आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।
HighLights
तलाश में लगी पुलिस की तीन टीमें, गंगापार के इलाकों में दबिश पर हाथ नहीं आया
यमुनापार के मांडा क्षेत्र में आभूषण कारोबारी से लूट का मुख्य आरोपित है फरार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार के चकडीहा पंचायत भवन के पास नौ दिन पहले आभूषण कारोबारी के साथ हुई लूट की घटना का मांडा पुलिस के साथ ही तीन टीमें मुख्य आरोपित छैला बाबू सरोज की तलाश में जुटी हैं। गंगापार के नवाबगंज, सोरांव और मऊआइमा क्षेत्र में कई जगह दबिश दी गई। हालांकि वह पकड़ में नहीं आया। दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आभूषण व्यवसायी से 24 फरवरी को हुई थी लूट
नई बाजार भारतगंज निवासी प्रदीप सोनी आभूषण व्यवसायी हैं। 24 फरवरी की देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय चकडीहा पंचायत भवन के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बट से मारकर उनसे लूट की घटना को अंजाम दिया था। प्रदीप के भाई रंजीत कुमार सोनी ने मांडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके भाई के पास बैग में रखे करीब 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, एक लाख रुपये नकद व लाइसेंसी रिवाल्वर बदमाश लूट ले गए हैं।
एक आरोपित हो चुका है गिरफ्तार
बदमाशों की तलाश में पांच टीमों का गठन किया गया था। सोमवार देर रात हाटा-गिरधरपुर मार्ग में जंगल के पास से अंकित गौतम निवासी कटरा कोड़हार, नवाबगंज को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से लूटी गई रिवाल्वर बरामद की गई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह और उसके साथी अंशू दुबे निवासी कसारी कौड़िहार, अटरमपुर, नवाबगंज व छैला बाबू सरोज निवासी बरैज श्रृंग्वेरपुर, नवाबगंज ने बाजार में रेकी की थी। प्रदीप सोनी जब दुकान बंद कर घर की ओर निकले तो रास्ते में वारदात को अंजाम दिया गया था। सोने-चांदी के जेवरात और नकदी नहीं लूट थे।
गिरफ्तारी को पुलिस दे रही दबिश : डीसीपी
उसने पुलिस को बताया कि उसके साथी अंशू दुबे ने एक पूरे मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर घटना के दूसरे दिन ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि छैला बाबू फरार है। शीघ्र उसकी गिरफ्तारी न होने पर इनाम घोषित किया जाएगा। पुलिस टीमें गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।