प्रयागराज में बच्चा चोरी के शक में युवक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधा, दूसरा फरार; पुलिस कर रही पूछताछ
प्रयागराज के करछना इलाके में ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में एक युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है क ...और पढ़ें

प्रयागराज के करछना क्षेत्र के एक गांव में बच्चा चोरी के आरोप में पेड़ से बांधा गया युवक व जुटे ग्रामीण। जागरण
HighLights
बिहार राज्य के मधुबनी जिले के पारसनाथ गांव का रहने वाला है कल्लू
करछना के देवरी कला स्थित घर में घुसकर सो रहे बच्चे को उठाने का आरोप
युवक ने कहा- शादी कार्यक्रम में जाने को घर से निकला था, गलती से यहां आ गया
संसू, जागरण , भीरपुर (प्रयागराज)। यमुनापार के करछना क्षेत्र में बच्चा चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पेड़ से बांध दिया। उसे पुलिस ले गई और पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक घर में दो युवक घुसकर सो रहे बच्चे को लेकर भागने का प्रयास कर रहे थे। पकड़े गए युवक का साथी फरार बताया जाता है।
देवरी कला गांव के बाहर मकान में घुसने का आरोप
करछना थाना क्षेत्र के देवरी कला गांव निवासी ज्ञानचंद्र विश्वकर्मा गांव के बाहर बाग में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार उनके घर में सोमवार भोर में करीब चार बजे सुनसान पाकर ज्ञान चंद्र विश्वकर्मा के घर में दो युवक घुस गए और चारपाई पर सो रहे एक बच्चे को उठाने लगे। इसी बीच बच्चे का शोर सुनकर परिवार वाले आ गए तो दोनों भागने लगे।
ग्रामीणों ने दौड़ाया तो एक युवक फरार
ग्रामीणों ने एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया जबकि उसका साथी फरार हो गया। लोगों ने पकड़े गए युवक को एक पेड़ से बांध दिया। बताया जाता है कि इसका नाम कल्लू है। वह बिहार के मधुबनी जिले के पारसनाथ गांव का रहने वाला है।
युवक बोला- गलती से यहां आ गया था
उसने बताया कि वह एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था, गलती से यहां पर आ गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 और भीरपुर चौकी पुलिस को दी। कुछ ही देर में वहां चौकी इंचार्ज भीरपुर एसएन सिंह फोर्स के साथ वहां पहुंचे और पकड़े गए युवक को थाने ले गए। वहां उससे पूछताछ की जा रही है।