Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    विकास तो हुआ पर अपेक्षा के मुताबिक नहीं, बयां कर रहा प्रयागराज के मेजा विधानसभा के विधायक संदीप पटेल का रिपोर्ट कार्ड

    By rajendra yadav Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Tue, 28 Jul 2026 08:34 PM (IST)

    प्रयागराज के मेजा विधानसभा में विधायक संदीप पटेल के रिपोर्ट कार्ड से पता चलता है कि विकास तो हुआ, पर अपेक्षा के अनुरूप नहीं। क्षेत्र में मूलभूत सुविधा ...और पढ़ें

    प्रयागराज में मेजा विधानसभा के विधायक संदीप पटेल का रिपोर्ट कार्ड।

    प्रयागराज में मेजा विधानसभा के विधायक संदीप पटेल का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. विकास के मामले में इस क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की गई

    2. मेजा में संकरी सड़कों से जाम और मूलभूत सुविधाओं का अभाव।

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में मेजा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता चुनावी परिणाम तय करने में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। इसके बावजूद विकास के मामले में इस क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की गई है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में आज भी क्षेत्र के लोग बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। विधायक निधि से सोलर लाइट, तोरण द्वार, सड़कें और कुछ विद्यालयों के भवन निर्माण जैसे कई कार्य तो हुए, लेकिन अपेक्षा के मुताबिक कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हो सका।

    पेयजल व्यवस्था सुधरी पर जरूरत और है 

    मेजा विधानसभा के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर सार्वजनिक शौचालयों का अभाव आज भी बरकरार है। पेयजल व्यवस्था पहले की अपेक्षा सुधरी है, लेकिन अभी स्थिति और ठीक किए जाने की जरूरत है। ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति में सुधार के साथ ही गांवों में सड़क और इंटरलाकिंग का शत-प्रतिशत न होना भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मांडा खास, नगर पंचायत भारतगंज और सिरसा जैसे प्रमुख बाजारों में वर्षों से सड़क चौड़ीकरण का कार्य अधूरा है। संकरी सड़कों के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

    मेजा विधानसभा

    - 2,88,785 कुल मतदाता

    - 1,61,479 पुरुष मतदाता

    - 1,27,289 महिला मतदाता

    - 17 किन्नर मतदाता (तृतीय लिंग)

    तहसील में वादियों-वकीलों के लिए पेयजल समस्या 

    स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। मेजा तहसील में अधिवक्ताओं और वादियों के लिए पेयजल और बैठने की समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। क्षेत्र की कई सड़कें भी जर्जर और बदहाल स्थिति में हैं। बरसात में इन सड़कों पर आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में नालों पर पुलिया बनाने की बेहद जरूरत है। वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए कोई प्रभावी योजना नहीं की गई। मेजा स्थित बंद पड़ी काटन मिल को चालू कराने के लिए कोई पहल नहीं की गई।

    विधानसभा में उठाई क्षेत्रीय समस्याएं 

    विधानसभा में उपस्थिति की बात की जाए तो वर्तमान विधायक संदीप पटेल ने 95 प्रतिशत से अधिक विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लिया। सिरसा घाट पर पक्का पुल बनाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। साथ ही रामनगर, मांडा सीएचसी में आधुनिक मशीनें लगे और डाक्टरों की संख्या बढ़ाने जाने की भी मांग विधानसभा में कर चुके हैं।

    खबरें और भी

    क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया गया है। लोगों से सुझाव लेकर कार्य किए गए हैं। बिजली, पानी, नाली, सड़क, इंटरलाकिंग समेत कई मूलभूत समस्याओं का समाधान कराया गया है। क्षेत्र की 40 से 50 गांव में सडक निर्माण कार्य कराया गया है। सरकारी 40 प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनाई गई है। निजी विद्यालय जहां व्यवस्था नहीं थी, वहां बिजली, पंखा, पानी, सोलर लाइट की व्यवस्था की गई। विधानसभा क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट, हाईमास्क लाइट लगवाई गई। पूरे विधानसभा क्षेत्र में महापुरुषों के सम्मान में उनके नाम से तोरण द्वार बनाए गए। सिरसा घाट पर पक्का पुल बने, इसे लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है। विधानसभा में कई बार आवाज भी उठा चुका हूं। यहां पक्का पुल बनने से हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा चिकित्सा व्यवस्था बेहतर हो, इसके लिए रामनगर व मांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक मशीनों को लगाने के लिए विधानसभा में आवाज उठाई गई है। यहां आधुनिक मशीनें लगने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को शहर नहीं जाना पड़ेगा। आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य कराए जाएंगे। 2027 में सपा की सरकार बनी तो मेजा विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा बनाना प्राथमिकता होगी।
    - संदीप पटेल, विधायक, मेजा।

    विधायक मेजा ने मेजा विधानसभा की जनता खास तौर पर पीडीए के लोगों से हर घर तक पक्की सड़क का वादा किया था, लेकिन 10 प्रतिशत भी नहीं कर पाए। विधायक निधि का इस्तेमाल अधिकतर सोलर लाइट और गेट बनाने में हुआ है। विधायक शहर में रहते हैं और आज तक मेजा विधानसभा में एक संपर्क कार्यालय या एक प्रतिनिधि तक नहीं बना पाए हैं। लोग सड़क, बिजली, पानी, इंटरलाकिंग जैसी समस्याओं से परेशान हैं। सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। इंटरलाकिंग का अता-पता नहीं है। क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद, बीज व बिजली नहीं मिल पा रही है, लेकिन इससे क्षेत्रीय विधायक को कोई मतलब नहीं है।
    - बाबा तिवारी सर्वेश, पूर्व प्रत्याशी बसपा। 

    बोले लोग

    चौकठा नरवर गंगा घाट पर धार्मिक पर्वों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगती है। यहीं पर अंतिम संस्कार भी किए जाते हैं। इस पार से उस पार लोगों का आना-जाना रहता है। यहां सोलर लाइट, धर्मशाला, सामुदायिक शौचालय और पेयजल के लिए एक वाटर कूलर की बड़ी आवश्यकता है। साथ ही मोनाई से लेकर घाट तक मार्ग के किनारे लाइट की जरूरत है।
    - रोहित सिंह, चौकठा नरवर, मांडा।

    मेजा विधानसभा के चुनाव में मांडा ब्लाक की अहम भूमिका होती है। चाहे गिरीश चंद्र उर्फ गामा पांडेय हों, नीलम करवरिया रहीं हों या फिर संदीप पटेल की जीत अंतिम दौर में मांडा से ही हुई थी। पेयजल संकट, प्रमुख चौराहों व बाजारों में जाम की समस्या और सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।
    - राजीवकांत द्विवेदी, हंडिया मांडा।

    मेजा विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों को आगे बढ़ाने के लिए अपने विधायक निधि से अनुदान देने का वादा था, लेकिन विधायक बनने के बाद शत प्रतिशत विद्यालयों को धनराशि निर्गत की गई। वहीं चौराहों पर लगी हाई मास्ट लाइट कुछ महीने में ही खराब हो गई है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा समेत कई समस्याएं क्षेत्र में व्याप्त हैं, जिसका सामना लोग कर रहे हैं। समस्याओं का निस्तारण बेहद जरूरी है।
    - हर्ष विश्वकर्मा उर्फ गोलू, तरवाई, मेजा।

    मेजा विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख व सबसे पुराना बाजार सिरसा व रामनगर बाजार है, जहां कई शिक्षण संस्थान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु अस्पताल सहित कई अन्य सार्वजनिक स्थान हैं। लेकिन सड़क संकरी होने के चलते आए दिन राहगीरों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है, लेकिन कोई जिम्मेदार इस ओर झांकने वाला नहीं है। अगर इस समस्या का निस्तारण हो जाए तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
    - मनीष पांडेय, पकरी सेवार, मेजा।