किशोरी हत्याकांड : प्रेमी को जेल, सहपाठी छात्राओं की भूमिका पर प्रयागराज पुलिस की नजर, मोबाइल की सीडीआर खंगालेगी
प्रयागराज में प्रेमिका की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब हत्यारोपित की दो सहपाठी छात्राओं की भूमिका की जांच के लिए उनक ...और पढ़ें

प्रयागराज में नाबालिग की हतया मामले में प्रेमी को पुलिस ने जेल भेजा, अब उसकी सहपाठी जांच के घेरे में हैं।
HighLights
आरोपित प्रेमी भेजा गया जेल, घर छोड़कर भागे हैं घरवाले
मऊआइमा में प्रेमिका की हत्या कर झाड़ी में फेंका था शव
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के सरायइनायत क्षेत्र से 20 अप्रैल को लापता हुई किशोरी की हत्या करने वाले उसके प्रेमी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। इसके पहले उससे पूछताछ की गई। उसकी दो सहपाठी छात्राओं की इस पूरे मामले में कोई भूमिका थी या नहीं, इसके लिए उनके मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाने की तैयारी है। वहीं आरोपित के स्वजन घर छोड़कर भाग निकले हैं।
कक्षा नौ की छात्रा थी किशोरी
सरायइनायत क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय एक किशोरी 20 अप्रैल को लापता हो गई थी। वह कक्षा नौ की छात्रा थी। दूसरे दिन किशोरी की मां ने आरोप लगाया था कि बहरिया क्षेत्र का रहने वाला एक किशोर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इसमें एक किशोरी भी शामिल है। बेटी घर से रुपये व आभूषण ले गई है।
झाड़ी में किशोरी का मिला था कंकाल
अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही। सात मई की भोर में सरायइनायत पुलिस ने बहरिया क्षेत्र के रहने वाले किशोर को पकड़ा। इसके बाद मऊआइमा के हरखपुर गांव स्थित शारदा सहायक नहर के बगल झाड़ी में किशोरी का कंकाल बरामद हुआ था।
शादी का दबाव बनाने पर की हत्या
पूछताछ में पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। किशोरी उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिस कारण उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने उस किशोरी को भी पकड़ा, जिसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। उसने बताया कि वह आरोपित के साथ उसी स्कूल में इंटर में पढ़ती है। साथ में एक और छात्रा पढ़ती है, जिसे दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी दी। मृतक किशोरी उससे भी बात करती थी। हालांकि हत्याकांड के बारे में वह कुछ नहीं जानती।
खबरें और भी
दोनों सहपाठी छात्राओं की भूमिका की होगी जांच
पुलिस अब आरोपित की दोनों सहपाठी छात्राओं के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाने की कोशिश कर रही है। इसके माध्यम से पुलिस यह पता लगाएगी कि कहीं इनकी भी भूमिका तो इसमें नहीं है। वहीं, घर छोड़कर भाग निकले आरोपित के घरवालों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घर में छिपाकर रखे आभूषण बरामद
किशोरी 20 अप्रैल को घर से निकली तो अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण व दो हजार रुपये नकद ले गई थी। आरोपित को पकड़ने के बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया था। उसके घर से बाइक के साथ ही छिपाकर रखे गए आभूषण लाकेट, मंगलसूत्र, मोती की माला, झुमका, अंगूठी, बिछिया, पायल भी बरामद किया। मंगलसूत्र, बिछिया मिलने से यह स्पष्ट हो गया कि किशोरी घर से तय करके निकली थी कि वह अपने प्रेमी से शादी करेगी।
घरवाले बोले- आरोपित का परिवार हत्याकांड में शामिल
मृत किशोरी के घरवालों ने आरोपित के घरवालों पर हत्याकांड में शामिल होने का आरोप लगाया है। साफ कहा कि 20 अप्रैल को कत्ल करने के बाद आरोपित अपने घर पर रह रहा था। उसके घरवाले पहले से ही प्रेम संबंध के बारे में जानते थे। ऐसे में किशोरी की हत्या में उनकी भी भूमिका है। सभी को सजा मिलनी चाहिए।