Indian Railways : सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, 18 माह में बनेंगे दो नए प्लेटफार्म व मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
उत्तर मध्य रेलवे सूबेदारगंज स्टेशन को प्रयागराज जंक्शन के 'सैटेलाइट स्टेशन' के रूप में विकसित कर रहा है, जिसके तहत प्लेटफार्मों की संख्या 6 से बढ़ाकर ...और पढ़ें

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्थित सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन की फाइल फोटो।
HighLights
पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन पर प्लेटफार्मों की संख्या 6 से बढ़ाकर 8 की जाएग।
उत्तर मध्य रेलवे का सूबेदारगंज स्टेशन 'सैटेलाइट स्टेशन' के रूप में विकसित हो रहा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के महत्वपूर्ण रेलवे केंद्रों में से एक, सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन आने वाले दो वर्षों में पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने प्रयागराज जंक्शन के 'सैटेलाइट स्टेशन' के रूप में विकसित हो रहे सूबेदारगंज के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए कमर कस ली है। इस पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन पर प्लेटफार्मों की संख्या छह से बढ़ाकर आठ की जाएगी, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्लेटफार्मों का नया स्वरूप और ढांचा
मास्टर प्लान के अनुसार सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर दो नए प्लेटफार्म (नंबर सात और आठ) बनाने के लिए वर्तमान लाइन संख्या दो और तीन को हटाया जाएगा। इस पूरी परियोजना को पूरा करने के लिए 18 महीने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद, वर्तमान प्लेटफार्म नंबर छह का स्वरूप बदल जाएगा और जीटी रोड की तरफ नया प्लेटफार्म नंबर आठ अस्तित्व में आएगा।
1 से 8 तक सभी प्लेटफार्म एक सीध में होगे
विशेष बात यह है कि पुनर्विकास के बाद प्लेटफार्म संख्या एक से आठ तक सभी एक सीध में होंगे। यात्रियों की सुगमता के लिए प्लेटफार्म नंबर एक से एक नया फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया जाएगा, जो सभी आठ प्लेटफार्मों को आपस में जोड़ेगा। वर्तमान में यहां दो एफओबी उपलब्ध हैं, जिनमें से एक प्रयागराज छोर और दूसरा कानपुर छोर की ओर स्थित है।
मल्टी-फंक्शनल कांप्लेक्स और आधुनिक सुविधाएं
सूबेदारगंज स्टेशन को एक 'मल्टी-फंक्शनल काम्प्लेक्स' के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्टेशन के उत्तरी हिस्से को पहले ही नई बिल्डिंग और सुविधाओं से लैस किया जा चुका है, और अब दक्षिणी हिस्से (जीटी रोड की ओर) को बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यात्रियों के लिए निम्नलिखित अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
खबरें और भी
यात्री सूचना प्रणाली : सभी प्लेटफार्मों पर कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां और उन्नत यात्री उद्घोषणा प्रणाली।
प्रतीक्षा और विश्राम : वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, रिटायरिंग रूम और बेहतर जलपान की सुविधा।
सुरक्षा और सुंदरीकरण : सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में 58 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, उन्नत लाइटिंग और सोलर प्लांट की स्थापना की जाएगी।
एक्सेसिबिलिटी : दक्षिण दिशा के सर्कुलेटिंग एरिया में दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए रैंप बनाए जाएंगे। साथ ही, नए टिकट बुकिंग काउंटर और भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी प्रस्तावित है।
बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार और संख्या
प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ने का सीधा लाभ रेल यातायात को मिलेगा। सूबेदारगंज में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और यहां से और अधिक नई ट्रेनें संचालित की जा सकेंगी। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार और पांच उच्च-स्तरीय प्लेटफार्मों के निर्माण से यात्रियों को भीड़भाड़ से निजात मिलेगी और यात्रा अनुभव सुगम होगा।
यात्रियों को असुविधा न हो, रखा जाएगा ख्याल
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस मास्टर प्लान को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है ताकि निर्माण के दौरान यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। अगले डेढ़ साल में सूबेदारगंज न केवल एक सैटेलाइट स्टेशन, बल्कि प्रयागराज के एक आधुनिक रेलवे हब के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।