Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    North Central Railway : प्रयागराज मंडल के 27 रेलवे स्टेशनों पर मिलेगा ठंडा व सस्ता RO पानी, 5 रुपये में बुझेगी प्यास

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 08 May 2026 01:11 PM (IST)

    उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने गर्मी में यात्रियों को राहत देने के लिए 27 स्टेशनों पर आधुनिक वाटर वेंडिंग मशीनें लगाने का निर्णय लिया है। इन मश ...और पढ़ें

    एनसीआर के प्रयागराज मंडल के कई रेलवे स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीन से यात्रियों को कम रेट में ठंडा और शुद्ध पानी मिलेगा।

    एनसीआर के प्रयागराज मंडल के कई रेलवे स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीन से यात्रियों को कम रेट में ठंडा और शुद्ध पानी मिलेगा।

    HighLights

    1. गर्मी के मौसम में रेल यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगी सुविधा

    2. इन स्टेशनों पर आधुनिक 'वाटर वेंडिंग मशीन' लगाई जाएगी

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गर्मी के मौसम में रेल यात्रा करने वाले लोगों को उत्तर मध्य रेलवे (NCR)  के प्रयागराज मंडल ने राहत दी है। मंडल के 27 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अब यात्रियों को शुद्ध और शीतल जल के लिए महंगे बोतलबंद पानी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने इन स्टेशनों पर आधुनिक 'वाटर वेंडिंग मशीन' लगाने का निर्णय लिया है। यात्री बोतल में मात्र पांच रुपये प्रति लीटर की दर से ठंडा और शुद्ध RO पानी प्राप्त कर सकेंगे।

    दो चरणों में होगी ई-नीलामी

    रेलवे इस पूरी परियोजना को पारदर्शी बनाने के लिए दो अलग-अलग तारीखों पर ई-नीलामी करेगा। चयनित ठेकेदारों को पांच वर्षों के लिए इन मशीनों के संचालन और रखरखाव का जिम्मा सौंपा जाएगा।

    पहली नीलामी (12 मई) : इसमें 14 स्टेशनों को शामिल किया गया है, जिनमें चुनार, झिझक, एटा, शंकरगढ़, फफूंद, डभौरा, मनौरी, बरगढ़, मांझा रोड, खागा, सिराथू, हाथरस, भरवारी और मेजा रोड शामिल हैं।

    दूसरी नीलामी (14 मई) : इस चरण में शेष 13 स्टेशनों जैसे फतेहपुर, रूरा, घोला, अचलदा, दादरी, पनकीधाम, दनकौर, फिरोजाबाद, जलेसर सिटी, बिंड़की रोड, खुर्जा, मैनपुरी और भरथना के लिए बोलियाँ लगाई जाएंगी।

    फतेहपुर और खुर्जा में सर्वाधिक वाटर वेंडिंग मशीन

    यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीन मशीनों की संख्या निर्धारित की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर स्टेशन पर सर्वाधिक सात मशीनें लगाई जाएंगी। वहीं खुर्जा और चुनार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर पांच-पांच मशीनों के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मशीनों का स्थान चयन यात्रियों की सुविधा और भीड़ को ध्यान में रखकर किया गया है।

    जेब पर बोझ होगा कम, पर्यावरण को मिलेगा लाभ

    वर्तमान में यात्रियों को स्टेशन पर 'रेल नीर' या अन्य ब्रांडेड बोतलबंद पानी के लिए चौदह से पंद्रह रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद, यात्रियों के खर्च में भारी कमी आएगी। इसके अलावा, जिन यात्रियों के पास अपनी बोतल नहीं होगी, उन्हें मशीन पर ही न्यूनतम अतिरिक्त शुल्क देकर बोतल सहित पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

    पर्यावरण को भी फायदा  

    इस पहल का एक बड़ा फायदा पर्यावरण को भी होगा। खुद की बोतल इस्तेमाल करने को प्रोत्साहन मिलने से स्टेशनों पर फेंकी जाने वाली 'सिंगल यूज प्लास्टिक' बोतलों के कचरे में प्रभावी कमी आएगी। वाटर वेंडिंग मशीनें 24 घंटे बैक्टीरिया-मुक्त और शुद्ध मिनरल वाटर की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी।

    खबरें और भी

    नई रेट लिस्ट पर एक नजर

    रेलवे द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार, पानी की मात्रा और कीमत (बिना बोतल के) इस प्रकार होगी:
    300 मिली : दो रुपये
    500 मिली (आधा लीटर) : तीन रुपये
    1 लीटर : पांच रुपये
    2 लीटर : आठ रुपये
    5 लीटर : बीस रुपये

    (नोट: यदि यात्री के पास बोतल नहीं है, तो बोतल के साथ दरें क्रमशः तीन, पांच, आठ, बारह और पच्चीस रुपये होंगी।)

    प्रयागराज मंडल के पीआरओ ने कहा

    प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि वाटर वेंडिंग मशीन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराना है। पिछले महीने भी छिवकी समेत आठ स्टेशनों पर मशीनें लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसके विस्तार के रूप में अब यह नई सूची जारी की गई है

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में छह माह में एक ही तरीके से दो किशोरियों की हत्या, प्रेम संबंध में दोनों वारदात यमुनापार इलाके में हुईं

    यह भी पढ़ें- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ अवमानना की सुनवाई से न्यायमूर्ति अग्रवाल अलग, इलाहाबाद HC में दायर है याचिका