विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज व आसपास के जिलों में 15 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून, अगले 6 दिन झमाझम बारिश होगी; पहले ही दिन 26 मिमी वर्षा

By Sharad Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 01 Sep 2026 02:57 PM (IST)

प्रयागराज में इस बार मानसून अधिक मेहरबान है, अगस्त के बाद सितंबर की शुरुआत भी झमाझम बारिश से हुई है। ...और पढ़ें

बारिश के बीच साइकिल से जातीं बालिकाएं। जागरण

बारिश के बीच साइकिल से जातीं बालिकाएं। जागरण

HighLights

  1. अगस्त में अच्छी बारिश के बाद सितंबर की शुरुआत भी झमाझम वर्षा के साथ हुई

  2. बादल व बारिश के कारण दिन-रात के तापमान के बीच अंतर बेहद कम हो गया है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी व आसपास के जिलों में इस बार मानसून अधिक मेहरबान नजर आ रहा है। अगस्त में अच्छी बारिश के बाद सितंबर की शुरुआत भी झमाझम बारिश के साथ हुई है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई बारिश से शहर और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 26.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश और बादलों के कारण दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बेहद कम हो गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने से पूरे दिन मौसम में ठंडक और नमी बनी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार छह सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहने और अलग-अलग अंतराल में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। एक और दो सितंबर को सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

तीन और चार सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दोनों दिन अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। पांच और छह सितंबर को भी एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

मध्य सितंबर तक सक्रिय रह सकता है मानसून

अगस्त में अच्छी बारिश के बाद सितंबर में भी मानसून की सक्रियता बनी हुई है। लगातार बारिश के दौर को देखते हुए आने वाले दिनों में भी बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बारिश का सिलसिला मध्य सितंबर तक भी बने रहने का अनुमान है। बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बने रहने और उमस के बावजूद वातावरण में ठंडक रहने की संभावना है। हालांकि लगातार बारिश होने पर शहर के निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में गंगा-यमुना का रौद्र रूप, कई मुहल्ले जलमग्न व घरों में घुसा पानी, सैकड़ों लोग बेघर

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सावन के बाद अब भादो में भी झमाझम बारिश, अगले एक सप्ताह तक छाए रहेंगे बादल और होगी बारिश