विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में सावन के बाद अब भादो में भी झमाझम बारिश, अगले एक सप्ताह तक छाए रहेंगे बादल और होगी बारिश

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 31 Aug 2026 06:09 PM (IST)

प्रयागराज में रातभर हुई 54.5 मिमी बारिश से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। मौसम ...और पढ़ें

प्रयागराज में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना है।

प्रयागराज में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना है।

HighLights

  1. रातभर हुई बारिश, 24 घंटे में 54.5 मिमी बारिश

  2. तापमान में गिरावट होने से मौसम हुआ सुहावना

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सावन के बाद अब भादो में भी मानसून की सक्रियता और जोर पकड़ रही है। 30 अगस्त की पूरी रात बादल बरसते रहे और सुबह तक शहर के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। आज यानी सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 54.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

लगातार बारिश और बादलों की मौजूदगी से तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक आसमान में बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। सोमवार सुबह प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 100 प्रतिशत रही। रातभर बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुली रही।

मौसम विभाग के अनुसार सात दिनों तक अच्छी बारिश की उम्मीद है। यानी छह सितंबर तक प्रयागराज में सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ अंतराल पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। एक और दो सितंबर को न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पांच सितंबर को भी आसमान में बादलों की मौजूदगी के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। यानी सितंबर की शुरुआत में भी शहरवासियों को फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं।

वहीं रात में बारिश ने गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत दी। सोमवार सुबह सड़कों पर जगह-जगह पानी दिखाई दिया। बारिश के कारण सुबह के समय तापमान सामान्य दिनों की तुलना में कम महसूस हुआ। हालांकि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में गंगा-यमुना का रौद्र रूप शुरू : चेतावनी बिंदु की ओर बढ़ रहीं, कई गांवों-मुहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी

यह भी पढ़ें- प्रयागराज: उफनाई कर्णावती नदी में पांच बालिकाएं डूबीं, तीन को बचाया गया; दो लापता की हो रही तलाश