प्रयागराज: उफनाई कर्णावती नदी में पांच बालिकाएं डूबीं, तीन को बचाया गया; दो लापता की हो रही तलाश
प्रयागराज में कर्णावती नदी में कजरी त्योहार पर जरई-गुड़िया विसर्जन के दौरान पांच बालिकाएं डूब गईं। तीन को बचा लिया ...और पढ़ें

प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में कर्णावती नदी में बालिकाओं के डूबने के बाद जुटे ग्रामीण व पुलिस। जागरण
HighLights
नदी में कजरी त्योहार पर जरई और गुड़िया डुबाने के बाद नहा रही थीं
यमुनापार में मांडा क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित नदी घाट पर हुई दुर्घटना
संसू, दिखिया (प्रयागराज)। जनपद के यमुनापार स्थित मांडा थाना क्षेत्र में कर्णावती नदी घाट पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ के पानी से उफनाई नदी में पांच बालिकाएं डूब गईं। इस दौरान शोर मचा तो घाट पर मौजूद लोगों ने तीन बच्चियों को तो बचा लिया लेकिन दो लापता हो गईं। उनकी तलाश पुलिस गोताखोरों से करा रही है।
मांडा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के सामने सुरवांदलापुर के पूरा मुहल्ला की रहने वाली कई बालिकाएं कजरी त्योहार पर जरई और गुड़िया पास ही स्थित कर्णावती नदी के पानी में डुबाने के लिए घर से सुबह लगभग 11 बजे गई थीं। इस दौरान नहाते समय 15 वर्षीय अंकिता तिवारी पुत्री राजेश तिवारी, 12 वर्षीय शुभी मिश्रा पुत्री शैलेंद्र मिश्रा, राबी पुत्री रविंद्र मिश्रा, अर्चिता तिवारी पुत्री राजेश तिवारी और श्वेता तिवारी पुत्री नागेश तिवारी नदी के तेज बहाव में बह गईं।
अन्य बालिकाओं की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोग व आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने उफनाई नदी में कूदकर किसी प्रकार राबी, अर्चिता और श्वेता को बचा लिया। वहीं अंकिता और शुभी नदी के तेज बहाव में बह गईं। अंकिता तीन बहनों में दूसरे नंबर की है। गांव के राजकीय विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा है। सुभी मिश्रा तीन बहनों में बड़ी है और प्राइवेट विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा है।
जानकारी होने पर घाट पर लड़कियों के परिवार के सदस्यों के साथ ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मांडा कुलदीप शर्मा तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोग नदी के बहाव में बच्चियों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने गोताखोरों को भी बुलवाकर तलाश शुरू कर दी है।
