विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में सेंट्रल जेल नैनी के वार्डन ने फंदे पर लटक कर दी जान, अगले माह होने वाली थी शादी, हो चुकी है सगाई

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 02 Feb 2026 02:17 PM (IST)

प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल के वार्डन पृथ्वीराज चौहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी अगले महीने शादी होने ...और पढ़ें

प्रयागराज स्थित नैनी सेंट्रल जेल के वार्डन ने किराए के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। नैनी सेंट्रल जेल की प्रतीकात्मक फोटो।

प्रयागराज स्थित नैनी सेंट्रल जेल के वार्डन ने किराए के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। नैनी सेंट्रल जेल की प्रतीकात्मक फोटो।

HighLights

  1. नैनी के प्रयागपुरम मुहल्ले में किराए के मकान में रहता था

  2. मूल निवास था मऊ जिले के मोहम्मदापुर थाना के उमनपुर

संसू, नैनी (प्रयागराज)। केंद्रीय कारागार यानी नैनी सेंट्रल जेल के एक वार्डन ने रविवार देर रात फंदे पर लटक कर जान दे दी। अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी। सगाई का कार्यक्रम संपन्न हो चुका था। वह किराए के मकान में रहता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लिया। इसके बाद जांच-पड़ताल की।

प्रयागपुरम मुहल्ले में किराए के मकान में रहता था

मऊ जिले के मोहम्मदापुर थाना क्षेत्र के उमनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय पृथ्वीराज चौहान पुत्र प्रभुनाथ चौहान केंद्रीय कारागार में वार्डन के पद पर तैनात था। वर्ष 2021 में भर्ती हुई थी। तभी से वह नैनी केंद्रीय कारागार में ही सेवारत था। सेंट्रल जेल के पीछे स्थित नैनी थाना क्षेत्र के प्रयागपुरम मुहल्ले में किराए के मकान में रहता था।

मंगेतर की काल मोबाइल पर आई थी

बताया गया है कि रविवार को दिन में पृथ्वीराज ने अपने पिता से बात की थी। शाम करीब साढ़े छह बजे ड्यूटी खत्म हुई तो वह सहकर्मियों के साथ जेल परिसर में था। इसी दौरान मंगेतर की काल मोबाइल पर आई तो वह बातचीत करते हुए सहकर्मियों से दूर चला गया। थोड़ी देर बाद उसने सहकर्मियों से कहा कि वह सोने के लिए कमरे में जा रहा है। उस समय वह कुछ परेशान लग रहा था।

पड़ोसी कमरे में गया तो फंदे से लटक रहा था

रात लगभग नौ बजे जब मंगेतर की काल रिसीव नहीं हुई तो उसने पिता को बताया। पिता के कहने पर पड़ोसी जब कमरे पर पहुंचा तो बंदी रक्षक फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर वह परेशान हो गया। खबर मिलते ही जेल अधिकारी और इंस्पेक्टर नैनी ब्रिज किशोर गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पृथ्वीराज को फंदे से उतारकर अस्पताल भिजवाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होने से परिवार में मातम छा गया।

पोस्टमार्टम हाउस पर बिलखती रही मां

सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर पृथ्वीराज की मां बिलखती रही। वह अपने बेटे की शादी की तैयारी कर रही थीं, लेकिन इस बीच मनहूस खबर मिली। साथ आई दूसरी महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाती रहीं। किसान पिता ने कहा कि रविवार को दिन में बेटे से बात हुई थी। तब उसने आने के लिए पूछा था। पृथ्वीराज दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। गम में डूबा परिवार शाम को शव लेकर गांव चला गया।

कमरे में सुसाइड नोट नहीं मिला 

इस संबंध में इंस्पेक्टर नैनी ब्रिज किशोर गौतम का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पृथ्वीराज चौहान के घरवाले भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह का कहना है कि रविवार को ड्यूटी करने के पश्चात वह कमरे पर गए थे। देर रात ही घटना की जानकारी मिली थी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सीबीसीआइडी के सेवानिवृत्त दारोगा की धारदार हथियार से हत्या, कातिल ने सिर-चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया

यह भी पढ़ें- Budget 2026 : बजट में NCR को क्या मिला? आज रेलमंत्री वर्चुअल जारी करेंगे सूची, प्रयागराज में चौथी लाइन व कवच पर टिकी निगाहें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।