प्रयागराज-मुंबई दुरंतो को प्रतिदिन चलाने, अहमदाबाद सुपरफास्ट के फेरे बढ़ाने का पुन: प्रस्ताव रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखा
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की महत्वपूर्ण बैठक में सांसदों ने यात्री सुविधाओं और विकास के लिए प्रस्ताव रखे। इनमें प्रयागराज-मुंबई दुरंतो को प्र ...और पढ़ें

एनसीआर के प्रयागराज मंडल की की होटल कान्हा श्याम में बैठक में शामिल गणमान्य लोग। जागरण
HighLights
फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल के प्रतिनिधि ने लखनऊ के लिए सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का रखा प्रस्ताव
प्रयागराज में आयोजित एनसीआर की बैठक में सांसदों ने रखे यात्री सुविधाओं व विकास के प्रस्ताव
वही पुरानी मांगें, वही अधूरी उम्मीदें, प्रयागराज मंडल की बैठक में फिर गूंजे जनता से जुड़े पुराने मुद्दे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे की बैठकें बदलती हैं, साल बदलते हैं, लेकिन जनता की जरूरतें और जनप्रतिनिधियों की मांगें नहीं बदलतीं। इस साल भी उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की उच्चस्तरीय बैठक में वही पुराना मुद्दा सबसे ऊपर रहा, जो पिछले कई सालों से फाइलों में दबा है और आज तक पूरा नहीं हो सका है- प्रयागराज से मुंबई के बीच चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस को प्रतिदिन (नियमित) करना और अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाना।
कान्हा श्याम में बैठक आयोजित
शुक्रवार को होटल कान्हा श्याम में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में एक बार फिर इन मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम ने की, जिसमें एनसीआर के महाप्रबंधक (जीएम) नरेश पाल सिंह और प्रयागराज के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल सहित रेलवे के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे।
प्रयागराज के दोनों सांसद बैठक में नहीं आए
बैठक में जहां एक तरफ रेलवे विकास की बड़ी-बड़ी बातें हो रही थीं, वहीं स्थानीय स्तर पर एक बड़ी सियासी गैरहाजिरी चर्चा का विषय बनी रही। प्रयागराज की फूलपुर लोकसभा सीट से सांसद प्रवीण पटेल और इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह इस बैठक में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, उनके प्रतिनिधि ने मोर्चा संभाला और जनता के हक की मांगें जीएम के सामने रखीं।
दोनों सांसदों के प्रतिनिधि हुए शामिल
फूलपुर सांसद के प्रतिनिधि संदीप द्विवेदी ने सालों पुराने मुद्दे को दोहराते हुए मुंबई दुरंतो को नियमित करने और अहमदाबाद सुपरफास्ट के फेरे बढ़ाने, विभूति एक्सप्रेस को प्रयागराज जंक्शन या सूबेदारगंज से चलाने और वास्को-द-गामा एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने का प्रस्ताव रखा।
खबरें और भी
प्रयागराज के लिए रेलवे से मांगें
इलाहाबाद के सांसद के प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने प्रयागराज से बेंगलुरु, कन्याकुमारी, रामेश्वरम और हैदराबाद के लिए सीधी ट्रेन चलाने पर जोर दिया। उन्होंने मेजा रोड स्टेशन पर महानंदा, महानगरी व पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के ठहराव तथा कठौली में अंडरपास करछना व भीरपुर में ट्रेनों के ठहराव की मांग की। साथ ही स्टेशनों के नाम एलईडी या रेडियम से लिखने का सुझाव दिया।
अलीगढ़ व औरैया के सांसद की मांग
अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम ने अलीगढ़ के निकट दाउद खां रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर किसी महापुरुष के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया, क्योंकि वहां आसपास महाराणा प्रताप के वंशज रहते हैं। उन्होंने अलीगढ़ में वाराणसी वंदे भारत और कुछ राजधानी ट्रेनों के ठहराव की भी वकालत की। औरेया से राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य ने भी फंफूद स्टेशन का नाम बदलकर 'दिबियापुर' करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही उन्होंने अछल्दा में रोड ओवर ब्रिज, कंचौसी में रोड अंडर ब्रिज और स्टेशनों पर महिलाओं के लिए फीडिंग स्पेस की मांग की।
कानपुर नगर, हाथरस व फतेहपुर सांसदों का प्रस्ताव
कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी ने दिल्ली के लिए 'कानपुर मेल' नाम से नई ट्रेन चलाने, वंदे भारत के ठहराव का समय बढ़ाने, कानपुर स्टेशन पर पुस्तकालय बनाने और सुरक्षा के लिहाज से आउटसोर्स कर्मचारियों के आई-कार्ड का मुद्दा उठाया। हाथरस के सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कोरोना काल में बंद हुए ठहरावों को बहाल करने, एस्केलेटर लगाने, सफाई व्यवस्था सुधारने और मेड़ू पर दिल्ली-हावड़ा व हाथरस-बरेली लाइन को मिलाने का प्रस्ताव रखा। बैठक में फतेहपुर के सांसद नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने फतेहपुर स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव दो मिनट से बढ़ाकर 4-5 मिनट करने की बात कही।
रीवा व इटावा के सांसदों ने यह प्रस्ताव रखा
रीवा के सांसद जनार्दन मिश्रा ने डभौरा स्टेशन के विकास, शौचालय की सफाई, वेटिंग हाल और अतिरिक्त शेड लगाने का प्रस्ताव रखा। इटावा के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने भी अपने क्षेत्र के प्रस्ताव रखे। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रतिनिधि डॉ. एसपी सिंह पटेल ने लूसा स्टेशन पर मुरी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की।
महाप्रबंधक ने उपलब्धियां गिनाई
इससे पहले महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रयागराज मंडल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल ने 7.40 करोड़ यात्रियों को सेवाएं दीं और कुल 1699 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित की। उन्होंने कवच प्रणाली (400 किमी में) और अमृत स्टेशनों के विकास की प्रगति साझा की।
ये विशिष्टजन रहे उपस्थित
बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक अतुल मिश्रा ने किया। जीएम ने सभी सांसदों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जो मामले बोर्ड स्तर के हैं, उन्हें आगे भेजा जाएगा। बैठक में सांसद देवेश शाक्य के प्रतिनिधि अमर नाथ सिंह मौर्य, पुष्पेंद्र सरोज के प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि अनूप मिश्रा, डिंपल यादव के प्रतिनिधि राम नारायण बाथम, अखिलेश यादव के प्रतिनिधि वासुदेव यादव व डॉ. मान सिंह यादव, प्रो.राम गोपाल यादव के प्रतिनिधि गोपाल यादव, कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल के प्रतिनिधि संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह के प्रतिनिधि राम बालक पटेल, हरदीप सिंह पुरी के प्रतिनिधि किशन गौतम तथा दर्शना सिंह के प्रतिनिधि राहुल जायसवाल भी उपस्थित रहे।