प्रयागराज में ऋण से ज्यादा ब्याज की बकाएदारी, तहसील के सहारे से वसूली की तैयारी में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग
प्रयागराज में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की 25 साल पुरानी स्वरोजगार ऋण योजना के तहत लाखों रुपये के बकाया की वसूली की तैयारी है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बलीपुर सिकंदरा के मूलचंद्र पटेल ने मिनी राइस मिल के लिए 2.37 लाख रुपये ऋण लिए थे। इसमें से सिर्फ 34 हजार रुपये जमा किए। अब मूलधन व ब्याज मिलाकर इन पर 9.10 लाख का बकाया है।
इसी तरह मकूनपुर उसरा बेरला के राजन बाबू ने खाद की दुकान के लिए 76 हजार रुपये का लोन लिया था। इन्होंने एक पैसा भी वापस नहीं किया। अब 2.17 लाख की बकाएदारी है।
जीटीबी नगर करेली की साहिना साहिद ने पीसीओ लगाने के नाम पर 54 हजार रुपये लिए थे। मूलधन व ब्याज मिलाकर 2.07 लाख रुपये बकाया है, लेकिन एक पैसा भी सरकारी खजाने में जमा नहीं किया। अब आरसी जारी कर तहसील से वसूली कराने की तैयारी है।
यह हाल है पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की देखरेख में वर्ष 1996 से 2003 तक चली उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड की ऋण योजना का। युवाओं को स्वरोजगार से जाेड़ने के उद्देश्य से चलाई गई यह योजना लूट का शिकार हो गई।
271 लोगों ने अलग-अलग व्यापार के नाम पर ऋण तो लिया, लेकिन भुगतान करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। तमाम लाभार्थियों पर मूलधन व ब्याज सहित लाखों रुपये का ऋण अब भी बकाया है। अब विभाग इन बकाएदारों को खोज रहा है।
खबरें और भी
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने बताया कि 16 बड़े बकाएदारों को चिह्नित किया गया है। वसूली के लिए खोजने पर कुछ लाभार्थी मृतक मिले हैं। तमाम ऐसे हैं, जिनके बारे में कुछ पता ही नहीं चल रहा है। आरसी जारी करके तहसील के माध्यम से इसकी वसूली कराई जाएगी।
बड़े बकाएदारों में यह भी हैं शामिल
स्टेनली रोड के उदयवीर सिंह पर 4.19 लाख, अगहुआ के रामचंद्र मौर्य पर 5.81 लाख, श्यामपुर उर्फ मल्हीपुर के भगौती प्रसाद पर 2.22 लाख, दायराशाह अजमल पर मुख्तार अहमद पर 1.92 लाख, शंकरगढ़ के बुदुन वर्मा पर 2.20 लाख, कटहरा हंडिया के प्रेमचंद्र पर 2.23 लाख, दुबकी कला हंडिया के शिव नारायण यादव पर 2.29 लाख, कटरा के रविकांत वर्मा पर 2.16 लाख, पीपल गांव के राकेश कुमार पर 2.17 लाख, बरेठी चायल के मोहम्मद हासिम पर 2.05 लाख रुपये बकाया है। इसी तरह अन्य बकाएदार भी शामिल हैं।