प्रयागराज में महिला अधिवक्ता से छेड़छाड़ करने वाला डायल 112 का सिपाही गिरफ्तार, निलंबन की भेजी गई रिपोर्ट
प्रयागराज में डायल 112 के सिपाही रविशंकर को महिला अधिवक्ता से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सिपाही पर अश्लील बातें करने का भी आरोप है। मह ...और पढ़ें

प्रयागराज महिला वकील से छेड़छाड़ करने वाले सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
HighLights
सिपाही पर अश्लील बात करने का भी आरोप, कचहरी में पिटाई की गई
महिला अधिवक्ता ने किसी को काल किया था, गलती से सिपाही के पास पहुंच गई
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। महिला वकील से छेड़छाड़ करने का आरोपित सिपाही रविशंकर को कर्नलगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही निलंबन की रिपोर्ट भेजी गई है। बारा क्षेत्र की रहने वाली जिला न्यायालय की एक महिला वकील ने डायल 112 के सिपाही रवि पर सोमवार को छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। मंगलवार को कर्नलगंज पुलिस ने अभियुक्त गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गलती से सिपाही को लग गई काल, करने लगा परेशान
बताया गया है कि एक महिला अधिवक्ता ने कुछ दिन पहले किसी को काल किया था। गलती से उनकी काल डायल-112 में तैनात एक सिपाही के पास पहुंच गई। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि नंबर पाने के बाद सिपाही बार-बार काल करने लगा। उससे मिलने के लिए दबाव भी बनाने लगाया। अश्लील बातचीत भी शुरू कर दी।
कचहरी में वकीलों ने सिपाही की पिटाई की
सोमवार दोपहर में उसने फिर मिलने की जिद की। तब महिला वकील ने उसे कचहरी बुला लिया। सिपाही वहां पहुंच गया और बातचीत करने लगे। इसी दौरान सिपाही ने अभद्रता शुरू कर दी। तब महिला वकील ने अपने अधिवक्ता साथियों को बुला लिया। सिपाही के व्यवहार से नाराज होकर वकीलों ने पिटाई कर दी। इस घटना से खलबली मच गई। थोड़ी देर बाद दोनों पक्ष कर्नलगंज थाने पहुंच गए थे।