माफिया अतीक अहमद के गुर्गे के साथी पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित, प्रापर्टी डीलर का हत्यारोपित है फरार
माफिया अतीक अहमद के गुर्गे आसिफ दुर्रानी के साथी नासिर जमाल पर प्रयागराज में एक प्रापर्टी डीलर की हत्या के आरोप में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया ग ...और पढ़ें

प्रयागराज में प्रापर्टी डीलर हत्याकांड में वांटेड 50 हजार का इनामी अभियुक्त नासिर जमाल। सौ. पुलिस मीडिया सेल
HighLights
प्रयागराज में प्रापर्टी डीलर की हत्या में अतीक के गुर्गे की मदद की थी, मुकदमे में वांटेड है
इसी हत्याकांड में आसिफ की बहन भी फरार चल रही है, इस पर इनाम नहीं है घोषित
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद का गुर्गा आसिफ दुर्रानी इन दिनों जेल में बंद है। इसके साथी नासिर जमाल पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित हो गया है। आरोप है कि जीटीबी नगर निवासी नासिर ने प्रापर्टी डीलर की हत्या में अतीक के गुर्गे का सहयोग किया था। हत्याकांड के बाद से वह लगातार वांछित चल रहा है। इसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की ओर से नासिर पर इनाम घोषित किया गया है। हालांकि इसी हत्याकांड में आसिफ की बहन भी लगातार फरार चल रही है, लेकिन उस पर इनाम नहीं किया गया है।
हत्याकांड में दोनों भाई पकड़े नहीं गए तो इनाम घोषित
करेली थाना क्षेत्र में आठ अप्रैल 2026 की शाम सरेराह प्रापर्टी डीलर इरफान की गोली मारकर हत्या की गई थी। इरफान के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आसिफ और राशिद व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम किया। साजिश में शामिल कई आरोपितों को गिरफ्तार करके पुलिस ने जेल भेजा लेकिन दोनों भाई पकड़ में नहीं आए। तब उन पर इनाम घोषित किया गया।
राशिद गिरफ्तार, आसिफ ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया
इसके बाद पुलिस ने राशिद को दबोचा और फिर आसिफ ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में वांछित चल रहे नासिर पर शिकंजा कसना शुरू किया। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन गिरफ्त में नहीं आया। इसके चलते नासिर पर इनाम घोषित किया गया। कहा जा रहा है कि वांछित अभियुक्त शहर छोड़कर भागा हुआ है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
करेली थानाध्यक्ष बोले- नासिर की तलाश तेज
उधर, नासिर को भी पीसीआर पर लेकर असलहा बरामद किए जाने की बात कही जा रही है। थानाध्यक्ष करेली आशीष सिंह सिसौदिया ने बताया कि मुकदमे में वांछित नासिर पर इनाम घोषित किया गया है, जिसके बाद तलाश तेज कर दी गई है।