कोडीनयुक्त अवैध कफ सीरप सिंडिकेट से जुड़े दो और तस्कर प्रयागराज में गिरफ्तार, 3 करोड़ कीमत की 11 हजार शीशी बरामद
प्रयागराज पुलिस ने अवैध कोडीनयुक्त कफ सीरप सिंडिकेट से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब ...और पढ़ें

प्रयागराज में 3 करोड़ की अवैध कफ सीरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार हुए।
HighLights
तस्करों से उनके नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों, फर्म समेत अन्य जानकारी जुटाए जा रही है
अतरसुइया थाने की पुलिस की कार्रवाई, अवैध कफ सीरप के साथ दोनों तस्करों को पकड़ा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कोडीनयुक्त अवैध कफ सीरप सिंडिकेट से जुड़े दो और तस्करों को अतरसुइया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की कब्जे से 11 हजार शीशी अवैध कफ सीरप बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
आज शाम चार बजे डीसीपी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
पुलिस गिरफ्तार दोनों तस्करों से गहन पूछताछ कर रही है। उनके नेटवर्क, उसमें शामिल लोगों, फर्म समेत अन्य जानकारी जुटाए जा रही है। हालांकि इस मामले की विस्तृत जानकारी डीसीपी सिटी सागर जैन आज शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में देंगे।
पिता-पुत्र समेत छह लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है
पिछले साल औषधि निरीक्षक की तहरीर पर अतरसुइया, पुरामुफ्ती, एयरपोर्ट और नवाबगंज थाने मे मुकदमा दर्ज किया गया था। उस मामले में अलग-अलग फर्म से जुड़े पिता-पुत्र समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। इसमें एक आरोपित बिहार के पटना का भी रहने वाला है।
अतरसुइया थानाध्यक्ष ने की गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि मुकदमे की विवेचना के क्रम में दो और तस्करों के नाम प्रकाश में आए, जिन्हें वांछित किया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष अतरसुइया राकेश राय ने टीम ने घेरेबंदी करते हुए मंगलवार को गिरफ्तारी की। उनकी निशानदेही पर गोपनीय ठिकाने से तीन करोड़ की अवैध कफ सीरप बरामद की गई। मामले की जांच आगे जारी रहेगी।
