Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में बदला मौसम, चार घंटे में 61 मिमी बारिश से मौसम सुहावना, तपती गर्मी काफूर तो मिली राहत

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 29 May 2026 01:06 PM (IST)

    प्रयागराज में 10 दिनों की भीषण गर्मी के बाद रात भर हुई 61 मिमी बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। इससे तापमान में 6.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, ज ...और पढ़ें

    प्रयागराज के पुलिस लाइन के समीप बारिश के बाद जलभराव। जागरण

    प्रयागराज के पुलिस लाइन के समीप बारिश के बाद जलभराव। जागरण

    HighLights

    1. रात एक से सुबह पांच बजे तक हुई बारिश से बदला मौसम का मिजाज

    2. एक रात में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस कम होने से राहत मिली

    3. कृषि विशेषज्ञ बोले- खेती के लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक साबित हो सकती है

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पिछले 10 दिनों से आग उगलती गर्मी से जूझ रहे प्रयागराज में गुरुवार की रात मौसम ने ऐसा पलटा खाया कि लोगों को यकीन ही नहीं हुआ। दिनभर सूरज की तपिश से झुलसने के बाद शहर सोने गया था, लेकिन आधी रात के बाद बादलों ने ऐसी दस्तक दी कि सुबह का नजारा पूरी तरह बदल चुका था। 

    सुबह गर्मी नहीं ठंडी हवा से राहत 

    रात करीब एक बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में आसमान में बिजली चमकी और गरजते बादलों के बीच बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते बूंदों ने रफ्तार पकड़ी और पूरी रात तेज से मध्यम बारिश का सिलसिला चलता रहा। सुबह जब लोग जागे तो तपिश की जगह ठंडी हवा ने उनका स्वागत किया। पेड़ धुले हुए दिखे, सड़कों पर पानी बह रहा था और वातावरण में वह ताजगी थी जिसका लोग कई दिनों से इंतजार कर रहे थे। कई जगह सड़क किनारे जलभराव भी हो गया।

    नौतपा शुरू होने के पांचवे दिन ही बदला मौसम 

    नौतपा शुरू होने के पांचवें दिन ही मौसम का मिजाज बदल गया। गुरुवार यानी 28 मई की रात करीब एक बजे से सुबह पांच बजे तक 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। 28 मई को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस था, जो आज शुक्रवार 29 मई की सुबह घटकर 21.9 डिग्री सेल्सियस रह गया। यानी महज एक रात में पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया।

    गर्मी और उमस से मिली राहत 

    पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 47 डिग्री के आसपास पहुंच रहा था और शहर लू की चपेट में था। ऐसे में यह बारिश किसी प्राकृतिक राहत पैकेज से कम नहीं रही। बिजली कटौती और उमस से परेशान लोगों के लिए यह मौसम किसी राहत भरे संदेश की तरह आया। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि खेती के लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक साबित हो सकती है। जमीन की जलधारण क्षमता भी बेहतर होगी।

    खबरें और भी

    कुछ दिन गर्मी से रहेगी राहत

    मौसम विभाग का अनुमान है कि राहत का यह दौर अभी कुछ दिन और जारी रहेगा। शनिवार को भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 31 मई और 1 जून को भी एक-दो दौर की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि दो जून यानी नौतपा के मौसम फिर साफ होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

    यह भी पढ़ें- UP D.El.Ed. से क्यों घटा प्रतियोगियों का मोह? प्रदेश के 67 डॉयट संस्थानों में से 14 में आधी से ज्यादा रिक्त रह गईं सीटें

    यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन से पांच अधिवक्ता निष्कासित, इनके सहयोगियों के विरुद्ध भी कार्यवाही होगी?