करोड़ों रुपये की ठगी में शाइन सिटी के सीएमडी का बेटा भी शामिल! रियल एस्टेट कंपनी की जालसाजी में नया तथ्य आया सामने
रियल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम के बेटे का नाम भी करोड़ों की ठगी में सामने आया है। राशिद ने फेसबुक पर पोस्ट करके बताया था कि उसका बेट ...और पढ़ें

प्रयागराज शाइन सिटी के सीएमडी का बेटे के भी ठगी में शामिल होने की बात कही जा रही है।
HighLights
राशिद ने फेसबुक पर पोस्ट करके दी थी संचालन की जानकारी
दिल्ली के युवक से भी 17.68 लाख ठगे, अदालत में दी अर्जी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सस्ते भूखंड, फ्लैट का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली रियल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी के मामले में अब नया तथ्य सामने आया है। पता चला है कि निवेशकों को करोड़ों की ठगी करने में कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम का एक बेटा भी शामिल है। फरारी के दौरान राशिद ने फेसबुक पोस्ट करके निवेशकों को जानकारी दी थी कि कंपनी का संचालन उसका बेटा दुबई से करेगा। इस मामले में दिल्ली निवाासी पीड़ित आनंद पांडेय ने अपने अधिवक्ता के जरिए अदालत में अर्जी दी है।
दिल्ली के आनंद भी ठगी के शिकार बने
दिल्ली के छत्तरपुर, आंबेडकर कालोनी निवासी आनंद पांडेय का कहना है कि कुछ साल पहले वह प्रयागराज आए थे। आरोप है कि इसी दौरान शाइन सिटी कंपनी के एजेंट ने उनसे संपर्क करते हुए कई योजनाएं बताईं। सिविल लाइंस स्थित कार्यालय जाने पर दो पुरुष और एक महिला कर्मचारी मिली, जिन्होंने कंपनी की लार्जर दि लाइफ स्कीम के बारे में बताया।
मुनाफा मांगा तो कर्मियों ने बहाना बताया
कहा कि कंपनी इस स्कीम के जरिए फोरेक्स ट्रेडिंग करती है। निवेश की गई रकम पर प्रतिमाह आठ प्रतिशत मुनाफा दिए जाने की बात कही गई। विश्वास में आकर उन्होंने 17 लाख 68 हजार रुपये निवेश किया। समयावधि पूरा होने पर उन्होंने मुनाफा मांगा तो कर्मचारियों ने कहा कि कंपनी की वेबसाइट में टेक्निकल ग्लिच आ गया है। इसके ठीक होने पर फोरेक्स ट्रेडिंग शुरू होते ही वादे के मुताबिक भुगतान किया जाएगा।
राशिद के पोस्ट में बेटे का आया नाम
काफी समय बाद भी भुगतान नहीं हुआ तो कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी टालमटोल करने लगे। उनके नंबर भी बंद हो गए। तब उन्हें ठगी का पता चला। हालांकि अक्टूबर 2025 में राशिद नसीम ने अपने फेसबुक पेज से एक पोस्ट शेयर किया। उसमें बताया कि कंपनी को दूसरे नाम से उनका बेटा दुबई से संचालित करेगा। ठगी के शिकार भुक्तभोगी ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया।
खबरें और भी
सिविल लाइंस पुलिस की विवेचना तेज
शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम, उसके भाई एमडी आसिफ नसीम समेत अन्य के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में कुल 151 मुकदमे दर्ज हैं। राशिद के पकड़े जाने के बाद सिविल लाइंस पुलिस अब मुकदमों की विवेचना तेज करेगी, ताकि अभियुक्तों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दायर करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा सके। मुख्य आरोपित राशिद की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण विवेचना में अड़चन आ रही थी, जो फिलहाल दूर हो गई है। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस रामाश्रय यादव का कहना है कि शाइन सिटी के खिलाफ दर्ज मुकदमों का अब तेजी से निस्तारण किया जाएगा।
क्लेम करने पर ही निवेशकों को रकम मिलेगी वापस
बताया गया है कि आशियाने और भविष्य को बेहतर बनाने का सपना देखने वाले हजारों लोग ठगी का शिकार हुए हैं। इसमें तमाम लोगों की रिपोर्ट दर्ज हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में भी लोग परेशान हैं। पिछले कई साल से अदालत में निवेशकों की लड़ाई लड़ रहे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता ऋषभ राज का कहना है कि पीड़ितों को क्लेम करने पर ठगी गई रकम वापस मिल सकती है। इसके लिए जरूरी है कि ठगी की शिकायत दर्ज कराते हुए रकम का उल्लेख जरूर करें। अगर पुलिस रिपोर्ट नहीं लिखती है तो अदालत के माध्यम से एफआइआर जरूर दर्ज कराएं, ताकि मेहनत की कमाई वापस मिल सके।