प्रयागराज में अतिक्रमण की मार झेल रही ससुर खदेरी नदी का 100 करोड़ से होगा कायाकल्प, बनेगा टूरिस्ट स्पॉट
प्रयागराज में ससुर खदेरी नदी को अतिक्रमण मुक्त कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
ससुर खदेरी नदी को अतिक्रमण मुक्त कर पुनर्जीवित किया जाएगा।
नदी को 100 करोड़ से अधिक लागत से पर्यटन स्थल बनाया जाएगा।
नौका विहार, पैदल पथ, सेल्फी प्वाइंट जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अतिक्रमण और गंदगी की मार झेल रही ससुर खदेरी नदी के दिन अब बदलने की तैयारी है। नगर निगम ने इस उपेक्षित जलस्रोत को पुनर्जीवित करने के साथ ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है।
नदी को अतिक्रमण से मुक्त कर उसके आसपास पौधारोपण कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। नदी की खोदाई कराकर उसमें नौका विहार का भी प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च करने की तैयारी है।

नगर निगम की योजना में नदी की सफाई, जल संरक्षण और आसपास के क्षेत्र का सुंदरीकरण प्रमुख रूप से शामिल है। नदी के किनारे व्यवस्थित हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। लोगों के टहलने के लिए पैदल पथ बनाए जाएंगे और जगह-जगह बैठने के लिए बेंच भी लगवाई जाएगी। नदी के दोनों किनारे को एक से डेढ किलोमीटर तक संवारा जाएगा।
शाम के समय नदी किनारे का नजारा आकर्षक बनाने के लिए आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। पार्किंग का भी उचित प्रबंध रहेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि ससुर खदेरी नदी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही टीम नदी का स्थलीय निरीक्षण कर डीपीआर बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।
पहले हटेगा अतिक्रमण, फिर होगा सौंदर्यीकरण
ससुर खदेरी नदी के आसपास बडे पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की गई है। कई लोगों ने निर्माण भी कर लिया है। नदी को पुराने स्वरूप में लगने के लिए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। जल्द ही नगर निगम और पीडीए की टीम संयुक्त सर्वे करेगी उसके बाद अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया जाएगा।

बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र, नौका विहार पर भी विचार
नदी को केवल जल संरक्षण तक सीमित रखने के बजाय इसे शहर के नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र बनाया जा सकता है। लोगों को नदी के प्राकृतिक वातावरण का आनंद दिलाने के लिए नौका विहार की सुविधा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।
नदी किनारे स्वच्छता, सुरक्षा और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। झूले भी लगाए जाएंगे। चार स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया जाएगा। टहलने और परिवार के साथ समय बिताने आने वाले लोगों को खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए नदी किनारे रेस्टोरेंट और खानपान के अन्य केंद्र विकसित करने की योजना है।
