प्रयागराज के पुराने 80 वार्डों में 120 किमी में बिछेगी सीवर लाइन, दूषित पानी सड़कों पर नहीं बहेगा; दुर्गंध से मिलेगी राहत
प्रयागराज के 80 पुराने वार्डों में 100-120 किमी नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी, जिससे सड़कों पर बहने वाले दूषित पानी और दुर्गंध से लोगों को राहत मिलेगी। जल ...और पढ़ें

प्रयागराज के छूटे मुहल्लों में बिछेगी सीवर लाइन।
HighLights
सीवर लाइन की जहां सुविधा नहीं, वहां भी जलकल विभाग वसूल रहा सीवर टैक्स
प्रयागराज शहर में विभाग द्वारा 1400 किलोमीटर तक सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। स्मार्ट सिटी होने के बाद भी प्रयागराज के कई मुहल्लों में सीवर लाइन नहीं बिछाई गई है। सीवर लाइन न होने से दूषित पानी सड़कों पर बहता रहता है। जहां सीवर लाइन नहीं है, दुर्गंध से बचने के लिए लोग नाक बंद करके उस रास्ते से गुजरते हैं क्योंकि सारी गंदगी सड़क और नाली में फैली रहती है। इतना ही नहीं, सुविधा मुहैया कराए बिना ही इन मुहल्लों में जलकल विभाग सीवर कर भी वर्षों से वसूला जा रहा है।
सर्वे के बाद बिछेगी सीवर लाइन
जनसमस्याओं को ध्यान में रखते हुए छुटे हुए मुहल्लों में दो से तीन माह के भीतर सीवर लाइन बिछाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सीवर लाइन बिछ जाने से सड़कों बिखरी गंदगी से छुटकारा मिल जाएगा। शहर के 80 पुराने वार्डों में 100 से 120 किलोमीटर तक सीवर लाइन बिछाई जाएगी। सीवर लाइन बिछाने के दौरान ही भवन स्वामियों को कनेक्शन भी दिया जाएगा। सीवर लाइन बिछाने के लिए जल निगम इसको लेकर जल्द सर्वे शुरू करेगा। सर्वे पूरा होने के बाद सीवर लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इन मुहल्लों के हजारों घरों में नहीं है सीवर लाइन
शहर के राजापुर, सोहबतियाबाग, तुलारामबाग, अल्लापुर, दारागंज, तेलियरगंज, करेली, शिवकुटी, सलोरी, सर्वोदय नगर, हटिया, मालवीय नगर, राजापुर, नेवादा, चक निरातुल, हरवारा, सादियाबाद, नैनी, म्योराबाद, सिविल लाइंस, फाफामऊ, मंडेरा, आजाद स्क्वायर सहित अन्य मुहल्लों में सीवर लाइनें तो बिछाई गई। हालांकि हजारों घरों में सीवर का कनेक्शन नहीं हुआ है। कनेक्शन नहीं होने से ज्यादातर घरों का दूषित पानी सड़कों पर बहता रहता है।
शहर के उन सभी मुहल्लों में सीवर लाइन बिछाई जाएगी जहां पर यह सुविधा अभी लोगों को नहीं मिल रही है। सर्वे करने के लिए जल निगम के अधिकारियों को बोल गया है,सर्वे पूरा होने के बाद लाइन बिछाने का काम शुरू हो जाएगा।
- साईं तेजा, नगर आयुक्त।