Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में 400 करोड़ रुपये से बनेंगे सात नए फ्लाईओवर, लोगों को जाम से म‍िलेगा छुटकारा 

    Updated: Wed, 06 May 2026 02:13 PM (GMT+05:30)

    प्रयागराज में यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए सेतु निगम सात नए फ्लाईओवर बनाने की योजना बना रहा है। इन परियोजनाओं पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर् ...और पढ़ें

    सांकेत‍िक तस्‍वीर।

    सांकेत‍िक तस्‍वीर।

    HighLights

    1. जाम से छुटकारा दिलाएंगे फ्लाईओवर, सात स्थानों पर होगा निर्माण


    2. 400 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि फ्लाइओवर बनाने में होगी खर्च


    3. जून के अंतिम सप्ताह तक कार्य योजना बनाकर शासन के पास भेजा जाएगा


    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। तीर्थराज प्रयाग में हर छह वर्ष पर कुंभ और 12 वर्ष पर महाकुंभ का आयोजन होता है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाने आते हैं। इसके अतिरिक्त, हर वर्ष माघ मेले का भव्य आयोजन भी होता है। इस दौरान शहर में वीआईपी का आवागमन भी होता रहता है, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए सेतु निगम ने सात स्थानों पर फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है। यदि सब कुछ सही रहा, तो दिसंबर 2030 तक सभी फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाएगा।

    महर्षि भरद्वाज चौराहा, तेलियरगंज, मेडिकल कॉलेज चौराहा, म्योहाल, लक्ष्मी टाकिज, मुंडेरा, लेप्रोसी नैनी और सिविल लाइंस हनुमान मंदिर चौराहा पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यह प्रस्ताव जून के अंत में शासन के पास भेजा जाएगा। सभी फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि सभी फ्लाईओवर का निर्माण तीन वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा।

    सूत्रों के अनुसार, तेलियरगंज में टीबी अस्पताल के सामने से एमएनएनआईटी तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिससे तेलियरगंज में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। महर्षि भरद्वाज चौराहा पर 400 से 500 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिससे संगम जाने का रास्ता आसान होगा। दोनों फ्लाईओवर के निर्माण से लखनऊ और अयोध्या से आने वाले श्रद्धालु बिना जाम में फंसे संगम क्षेत्र पहुंच सकेंगे।

    लक्ष्मी टॉकिज चौराहा से जहाज चौराहा तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिससे कचहरी और कटरा में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। स्टेनली रोड पर म्योहाल चौराहा से लोक सेवा आयोग चौराहा तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, सिविल लाइंस में एमजी मार्ग पर सिविल लाइंस बस अड्डे के सामने से हनुमान मंदिर चौराहा तक फ्लाईओवर बनाया जाएगा। मेडिकल चौराहा पर लगभग 100 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे कानपुर, फतेहपुर और कौशांबी से आने वाले लोगों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

    खबरें और भी

    मुंडेरा में भी फ्लाईओवर बनने से मिलेगी राहत

    मुंडेरा में डेढ़ से दो किलोमीटर तक फ्लाईओवर बनाने का विचार किया जा रहा है, जो चौफटका फ्लाईओवर से लेकर मुंडेरा मंडी के आगे तक बनेगा। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि मुंडेरा, धूमनगंज और सुलेमसराय में अक्सर जाम लगने से लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है।

     

    शहर में जाम की समस्या से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए प्रमुख चौराहों पर फ्लाईओवर बनाने की कार्य योजना बनाई जा रही है। जल्द ही शासन के पास मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद तीन वर्ष में फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाएगा।- रोहित मिश्र, परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम