प्रयागराज में यमुना पर बनेगा नया फोर लेन पुल, बढ़ेगी MP व छत्तीसगढ़-झारखंड की कनेक्टिविटी; मिलेगी जाम से मुक्ति
प्रयागराज में यमुना नदी पर एक और 3200 मीटर लंबा फोर लेन पुल बनाने की तैयारी है, जिससे शहर का यातायात सुगम होगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और विंध ...और पढ़ें

सेतु निगम प्रयागराज में यमुना नदी पर नया फोर लेन पुल बनाएगा।
HighLights
3200 मीटर होगी यमुना पुल की लंबाई, शहर की भी यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
प्रयागराज से चित्रकूट, मीरजापुर और विंध्य क्षेत्र की यात्रा भी अधिक सुगम हो जाएगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में बढ़ते यातायात के दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यमुना नदी पर एक और फोर लेन पुल बनेगा। इसके निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। सेतु निगम की ओर से तैयार की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत नए और पुराने यमुना पुल के बीच लगभग 3,200 मीटर लंबा आधुनिक फोर लेन पुल बनाया जाएगा।
यमुना पुल पर जाम की स्थित नहीं रहेगी
इसके निर्माण से न केवल प्रयागराज शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। प्रस्तावित पुल के बनने के बाद प्रयागराज से चित्रकूट, मीरजापुर और विंध्य क्षेत्र की ओर यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। वर्तमान में यमुना पुल पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
मंजूरी के बाद डीपीआर तैयार होगा
सेतु निगम की ओर से मई में पुल बनाने का प्रस्ताव शासन के पास भेज दिया गया है। निगम की ओर से परियोजना का प्रारंभिक खाका तैयार कर लिया है। योजना को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। पुल के निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होने के साथ व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे प्रयागराज की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने में यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नए व पुराने यमुना पुल के बीच बनेगा फोन लेन ब्रिज
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्र ने बताया कि आवागमन सुगम बनाने के लिए नैनी की ओर यमुना नदी पर बने नए और पुराने पुल के बीच में फोर लेन पुल का प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद कार्य तेजी से कराया जाएगा।