विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के बाद प्रयागराज में बढ़ेगी ठंड और छाएगा कोहरा, तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की आएगी गिरावट

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 08 Nov 2026 01:22 PM (IST)

दीवाली के बाद प्रयागराज में तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने व सुबह कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ...और पढ़ें

प्रयागराज में सुबह धुंध की दस्तक होने वाली है। फोटो: जागरण आर्काइव

प्रयागराज में सुबह धुंध की दस्तक होने वाली है। फोटो: जागरण आर्काइव

HighLights

  1. सुबह-रात में ठंड बढ़ी, दिन में धूप निकलने से मौसम गर्म बना हुआ है

  2. मौसम विभाग का पूर्वानुमान- 9 नवंबर की सुबह संगम नगरी में धुंध छाएगी

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगले छह दिनों में संगम नगरी में मौसम शुष्क रहने, सुबह की धुंध के बाद आसमान साफ होने और दिन के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के उपलब्ध पूर्वानुमान के अनुसार 13 नवंबर तक अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।

मौसम तेजी से बदलने लगा है

नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही मौसम तेजी से बदलने लगा है। सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। सोमवार की सुबह शहर में धुंध छाने का अनुमान है। इसके बाद आसमान साफ रहेगा, लेकिन दिन के तापमान में धीरे-धीरे कमी आएगी।

10 नवंबर से मौसम साफ रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार 8 नवंबर को न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौ नवंबर को सुबह के समय कोहरा या धुंध छाने की संभावना है। 10 नवंबर से मौसम साफ होने का अनुमान है। इसके बाद लगातार चार दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है। हालांकि दिन में धूप निकलने से फिलहाल ठंड महसूस नहीं होगी।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वायुमंडलीय एवं समुद्र अध्ययन केंद्र के प्रोफेसर सुनीत द्विवेदी के अनुसार साफ आसमान के कारण रात में धरातल से ऊष्मा का उत्सर्जन बढ़ सकता है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट की परिस्थितियां बनती हैं। हवा में नमी की अधिकता और सुबह के समय तापमान में कमी धुंध बनने के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा कर सकती हैं।

रात में 500 पार पहुंच रहा एक्यूआई

संगमनगरी में वायु प्रदूषण और बदलते मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से रात के समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 500 के पार पहुंच रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। रविवार की भोर में एक्यूआइ 536 दर्ज किया गया, वहीं सुबह सात बजे यह घटकर 421 पर पहुंच गया। दिन में खिली धूप के कारण धुंध छंटने से प्रदूषण का स्तर कम हुआ और शाम पांच बजे तक 200 तक आ गया। रात में प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर स्थिति में पहुंचने से सांस और आंखों से संबंधित परेशानी का खतरा बढ़ गया है।

रात में प्रदूषण से बढ़ सकती है परेशानी

प्रो. सुनीत द्विवेदी के अनुसार रात के समय एक्यूआइ का 500 पार पहुंचना वायु गुणवत्ता की बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। दिन में धूप और वायुमंडलीय परिस्थितियों में बदलाव के कारण प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन इससे हवा के सुरक्षित होने का संकेत नहीं मिलता। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2027 : प्रयागराज में माघ मेले की तैयारी तेज, मेला क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग के नालों पर पुलिया बनाने का काम शुरू

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बनेगा छह मंजिला फाइव स्टॉर होटल, गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-कोलकाता हाईवे के निकट होगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।