Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पति-पत्नी के विवाद में सनसनीखेज घटना, ग्राइंडर मशीन से अपना गला रेतकर युवक ने की खुदकुशी

    By rajendra yadav Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 29 May 2026 02:55 PM (IST)

    प्रयागराज के फूलपुर में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते ग्राइंडर मशीन से गला रेतकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी एक दिन पहले ही मायके से लौटी थी औ ...और पढ़ें

    प्रयागराज के फूलपुर में आत्महत्या करने वाले शाहरुख के बिलखते पिता मो. हबीब को संभालते लोग। जागरण

    प्रयागराज के फूलपुर में आत्महत्या करने वाले शाहरुख के बिलखते पिता मो. हबीब को संभालते लोग। जागरण

    HighLights

    1. प्रयागराज के फूलपुर के कोहना गांव में हुई घटना

    2. घर का एकलौता चिराग बुझने से वृद्ध पिता टूट गए

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के फूलपुर के कोहना गांव में पारिवारिक विवाद का दुखद अंत हो गया। 30 वर्षीय शाहरुख उर्फ अतीक ने गुरुवार देर रात घर में ही ग्राइंडर मशीन से खुद का गला रेतकर खुदकुशी कर ली। उसकी पत्नी गुलफसा एक दिन पहले ही मायके से ससुराल आई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद था। मामला न्यायालय में था।

    पुलिस को नहीं मिली तहरीर  

    बताया जाता है कि शाहरुख ने परामर्श केंद्र में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद उसकी पत्नी घर आई थी। फूलपुर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस पारिवारिक विवाद को लेकर इसे खुदकुशी बता रही है। अभी मृतक के स्वजन ने कोई तहरीर नहीं दी है।

    sharukh file photo

    वेल्डिंग का काम करता था शाहरूख

    कोहना गांव निवासी मो. हबीब का एकलौता पुत्र शाहरुख घर पर ही रहकर वेल्डिंग का काम करता था। करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी मऊआइमा थानांतर्गत नाटी इमली गांव की रहने वाली गुलफसा से हुई थी। विवाह के डेढ़ वर्ष बाद गुलफसा ने एक बेटे को जन्म दिया। उसका नाम अजहान रखा गया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। बेटे की भी तबीयत खराब रहने लगी।

    परामर्श केंद्र में पति-पत्नी में सहमति बनी

    विवाद इतना गहराया कि मामला न्यायालय तक पहुंच गया। गुलफसा बेटे को लेकर मायके चली गई। इधर पांच माह पहले शाहरुख ने परामर्श केंद्र में प्रार्थना पत्र दिया, जिसके बाद उसकी पत्नी को बुलाकर दोनों में बातचीत कराई गई। दोनों के बीच सहमति बन गई, लेकिन गुलफसा ससुराल नहीं आई।

    खबरें और भी

    बेटे के इलाज के लिए अस्पताल में रुपये जमा किए

    27 मई को बेटे की तबीयत खराब होने पर गुलफसा ने शाहरुख से फोन पर बात की, जिस पर उसने फूलपुर स्थित अस्पताल में बेटे को भर्ती कराने की बात कही। बेटे को लेकर गुलफसा अस्पताल पहुंची। शाहरुख ने 18 हजार रुपये भी अस्पताल में जमा किए। गुरुवार रात खाना खाकर शाहरुख व हबीब एक ही कमरे में सो गए। शाहरुख की मां अपने मायके गई थी, जबकि पत्नी व बच्चे अस्पताल में थे।

    खून से लथपथ लाश देख पिता अवाक रह गए

    बताया जाता है कि देर रात करीब दो बजे शाहरुख उठा और दूसरे कमरे में रखे ग्राइंडर मशीन को उठाया। उसने मशीन को गले पर लगाया और फिर चालू कर दिया। मशीन से उसकी गर्दन रेत गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद हबीब लघुशंका करने उठे तो बेटे को कमरे में न देखकर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वह दूसरे कमरे में पहुंचे तो शाहरुख की खून से लथपथ लाश देखकर अवाक रह गए। इसके बाद रोने-बिलखने लगे।

    सभी बिंदुओं को खंगाल रही पुलिस 

    आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर शेषनाथ पाल का कहना है कि अभी तक की जांच में यही सामने आया कि पारिवारिक विवाद को लेकर शाहरुख ने खुदकुशी की है। हालांकि, सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। घरवाले अगर कोई तहरीर देते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- UP ITI के तीन वरिष्ठ सहायक बर्खास्त, नियुक्ति विज्ञापन में फर्जीवाड़े पर 22 वर्ष बाद चली गई नौकरी

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी में आंधी-बारिश का कहर, मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत व कई घायल