रेलवे के प्वाइंट्समैन को भी मिलेगा सीनियर ग्रेड, वेतन-प्रमोशन की राह आसान; देश भर में तीन अप्रैल से व्यवस्था लागू
रेलवे बोर्ड ने प्वाइंट्समैन कैडर ढांचे में बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब उन्हें सीनियर ग्रेड के साथ वेतन वृद्धि और पदोन्नति के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह प ...और पढ़ें

रेलवे के प्वाइंट्समैन कैडर ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए इसके पुनर्गठन को हरी झंडी दे दी गई है।
HighLights
रेलवे बोर्ड ने सभी जोन को जारी किया आदेश
ये रेलवे परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे के परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्वाइंट्समैन कैडर ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए इसके पुनर्गठन को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले के साथ ही अब प्वाइंट्समैन का न केवल वेतन बढ़ेगा, बल्कि उन्हें उच्च पदों पर पदोन्नति के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (पे-कमीशन) संदीप पाल ने 14 मई को देश के सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव
अभी तक प्वाइंट्समैन का करियर मुख्य रूप से पे-लेवल एक और दो तक ही सिमट कर रह जाता था, जिससे लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद वे उच्च श्रेणियों तक नहीं पहुंच पाते थे। हालांकि नई व्यवस्था के तहत, इस कैडर को अब चार श्रेणियों में विभाजित कर दिया गया है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बदलाव पे-लेवल चार और पे-लेवल पांच (सीनियर ग्रेड) का समावेश है।
नए ढांचे को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश
अब प्वाइंट्समैन ग्रेड-चार (लेवल एक), ग्रेड-तीन (लेवल दो), ग्रेड-दो (लेवल चार) और ग्रेड-एक (लेवल पांच) की श्रेणियों में कार्य करेंगे। कुल स्वीकृत 66,388 पदों को इसी अनुपात में बांटा गया है, जिससे पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी आएगी। यह नया पुनर्गठित ढांचा तीन अप्रैल, 2026 से प्रभावी माना जाएगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि वे इस नए ढांचे को तत्काल प्रभाव से लागू करें।
एनसीआरईयू पदाधिकारी ने आदेश का किया स्वागत
नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के महामंत्री आरपी सिंह ने इस आदेश का स्वागत किया। कहा कि लंबे समय से इसकी मांग की जा रही है। इससे जमीनी स्तर के कर्मचारियों को न केवल आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि उनके सामाजिक स्तर और कार्य के प्रति उत्साह में भी बढ़ोतरी होगी।
खबरें और भी
अनुभवी कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा
लेवल-पांच तक प्रमोशन का रास्ता खुलने से उन अनुभवी कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा जो वर्षों से एक ही ग्रेड में अटके हुए थे। अब वे वरिष्ठ पदों की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ बेहतर पेंशन और भत्तों के हकदार भी बनेंगे। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुनर्गठन के विस्तृत कार्यान्वयन के निर्देश अलग से जारी किए जा रहे हैं। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड के निर्देश के क्रम में ही आगे की प्रकिया पूरी की जाएगी।