रेलवे भर्ती: एक्ट अप्रेंटिस (CCAA) अभ्यर्थियों के लिए अंक व प्रमाणपत्र अपडेट करने का लिंक खुला, अंतिम तिथि निकट
रेलवे भर्ती बोर्ड ने एक्ट अप्रेंटिस (CCAA) अभ्यर्थियों के लिए अंक व प्रमाणपत्र अपडेट करने का लिंक सक्रिय किया है। ...और पढ़ें

रेलवे भर्ती बोर्ड ने सीसीएए अभ्यर्थियों को अंक व प्रमाणपत्र अपडेट करने को 28 अक्टूबर तक मौका दिया है।
HighLights
अंक व प्रमाणपत्र की जानकारी अपडेट न करने पर NCVT वेटेज में मिलेंगे शून्य अंक
सीबीटी में शामिल हुए अभ्यर्थियों को रेलवे बोर्ड ने दिया 28 अक्टूबर तक मौका
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने केंद्रीकृत रोजगार सूचना (सीईएन संख्या 09/2025) के तहत रेलवे प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षित ''कोर्स पूर्ण एक्ट अप्रेंटिस'' (सीसीएए) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन संशोधन (माॅडिफिकेशन) विंडो खोल दी है। यह लिंक 22 अक्टूबर 2026 से सक्रिय हो गया है और अभ्यर्थी 28 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक अपने अंक व प्रमाणपत्र की जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
किसे मिलेगा इसका लाभ?
यह सुविधा केवल उन सीसीएए अभ्यर्थियों के लिए है जो कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल हुए थे, लेकिन आवेदन करते समय अपने एनसीवीटी परीक्षा के अंक नहीं भर सके थे और केवल परीक्षा की तारीख दर्ज की थी। ऐसे अभ्यर्थी अब पोर्टल पर जाकर अपने प्राप्त अंक और पास होने की स्थिति दर्ज कर सकते हैं।
अपडेट न करने पर क्या होगा नुकसान?
रेलवे भर्ती नियमों के अनुसार, रेलवे से प्रशिक्षित सीसीएए अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) से छूट मिलती है और अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार करते समय उनके एनसीवीटी परीक्षा के अंकों को वेटेज (अतिरिक्त लाभ) दिया जाता है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी तय समय सीमा के भीतर अपने अंक और प्रमाण पत्र की जानकारी अपडेट नहीं करता है, तो उसे एनसीवीटी वेटेज में शून्य अंक दिए जाएंगे। उसे रेलवे प्रतिष्ठान में प्रशिक्षित सीसीएए अभ्यर्थी नहीं माना जाएगा। विंडो बंद होने के बाद किसी भी अन्य माध्यम (ईमेल या प्रार्थना पत्र) से भेजे गए विवरण पर विचार नहीं किया जाएगा।
दस्तावेज़ सत्यापन के समय होगी जांच
अभ्यर्थियों द्वारा पोर्टल पर भरे गए सभी विवरणों का मिलान आगे चलकर ''दस्तावेज़ सत्यापन'' (डीवी) के दौरान किया जाएगा। यदि जानकारी में कोई गड़बड़ी पाई गई, तो संबंधित अभ्यर्थी की दावेदारी रद की जा सकती है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने सभी पात्र उम्मीदवारों को अंतिम तिथि (28 अक्टूबर) से पहले अपना विवरण पूरा करने की सलाह दी है।
