विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में रामबाग रेलवे स्टेशन से रेलवे टिकट दलाल गिरफ्तार, एक लाख रुपये के टिकट बरामद

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 22 Sep 2026 07:59 PM (IST)

प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन पर एक टिकट दलाल को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से लगभग एक लाख ...और पढ़ें

रामबाग रेलवे स्टेशन, प्रयागराज में गिरफ्तार टिकट दलाल। सौ. आरपीएफ

रामबाग रेलवे स्टेशन, प्रयागराज में गिरफ्तार टिकट दलाल। सौ. आरपीएफ

HighLights

  1. CIB व RPF ने 17 टिकट किया बरामद, 38 हजार के आगामी दिनों के टिकट शामिल

  2. एक लाख रुपये मूल्य के 17 रेलवे टिकट जब्त किए गए।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों को आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि टिकट दलालों का गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्य लाइन में लगकर पहले ही टिकट ले लेते हें और फिर इसे यात्रियों को महंगे दाम में बेचते हैं।

रामबाग रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र से गिरफ्तार

इसका राजफाश सीआइबी वाराणसी और आरपीएफ प्रयागराज रामबाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रामबाग रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र से एक शातिर टिकट दलाल को रंगे हाथों गिरफ्तार करके किया। आरोपित के पास और इसके मोबाइल से लगभग एक लाख मूल्य के 17 टिकट (पीआरएस व ई-टिकट) बरामद किए गए हैं।

प्रतापगढ़ का निवासी है गिरफ्तार आरोपित

गिरफ्तार आरोपित की पहचान 31 वर्षीय दिनेश चौधरी (निवासी बरहहूपुर, थाना पट्टी, प्रतापगढ़) के रूप में हुई है। बरामद टिकटों में करीब 38 हजार के टिकट आगामी दिनों की यात्रा के हैं, जबकि लगभग 62 हजार के टिकटों पर यात्रा हो चुकी है।

ट्रेनों की बुकिंग खुलते ही गिरोह सक्रिय हो जाता

आरोपित से पूछताछ में पता चला कि ट्रेनों की बुकिंग खुलते ही (ओपनिंग टिकट) यह गिरोह सक्रिय हो जाता था। दो महीने पहले ही काउंटर पर लाइन लगाकर टिकट बनवा लिए जाते थे, जिन्हें बाद में जरूरतमंद यात्रियों को दोगुना दामों में ब्लैक किया जाता था। शिकायत मिलने पर आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की निगरानी शुरू की। मंगलवार को जैसे ही दिनेश टिकट बनवाने काउंटर पर पहुंचा, टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश 

सीआइबी इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि इस गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं और यह नेटवर्क कई रेलवे स्टेशनों पर फैला हुआ है। अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात: शराबी पिता ने बेटे की हत्या की, चाकू मारा और सीमेंट के डंबल से सीने पर किए कई प्रहार

यह भी पढ़ें- कोडीनयुक्त अवैध कफ सीरप सिंडिकेट से जुड़े दो और तस्कर प्रयागराज में गिरफ्तार, 3 करोड़ कीमत की 11 हजार शीशी बरामद