आरओ/एआरओ पेपर लीक के दो आरोपी गिरफ्तार, दो साल से चल रहे थे फरार
आरओ/एआरओ परीक्षा पेपर लीक मामले में दो साल से फरार चल रहे अनुराग मिश्रा और पुष्कर पांडेय को एसटीएफ ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
आरओ/एआरओ पेपर लीक के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार।
अनुराग मिश्रा और पुष्कर पांडेय कपिल सांगवान गैंग के सदस्य।
दोनों कई अन्य आपराधिक मामलों में भी वांछित थे।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा पेपर लीक मामले में दो साल से वांछित चल रहे कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के सक्रिय सदस्य अनुराग मिश्रा व पुष्कर पांडेय को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ की लखनऊ टीम ने मंगलवार को करछना के पुष्कर व औद्योगिक क्षेत्र निवासी अनुराग को विभूतिखंड से दबोचा।
अभियुक्तों के कब्जे से एक कार, नकदी, तीन मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है। इस मुकदमे में 30 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाकी बचे दो अभियुक्तों को अब सलाखों के पीछे किया गया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से वर्ष 2024 में आरओ/एआरओ की परीक्षा कराई गई थी। पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद कर दी गई और सिविल लाइंस थाने में मुकदमा लिखा गया। मामले की जांच एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ के एएसपी लाल प्रताप सिंह की अगुवाई में शुरू हुई। फिर गिरोह के मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा समेत अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ इंस्पेक्टर अंजनी पांडेय, आदित्य सिंह की टीम ने वांछित अनुराग व पुष्कर की गिरफ्तारी की। एएसपी एसटीएफ लाल प्रताप सिंह का कहना है कि पुष्कर पांडेय फूलपुर में हुई हत्या के मामले में भी फरार चल रहा था। वह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में आधा दर्जन से अधिक मामलों में वांछित था।
बताया कि अनुराग मिश्रा का संबंध राजीव नयन मिश्रा से रहा है। दोनों वर्ष 2015 से 2018 तक भोपाल में साथ रहे। राजीव प्रतियोगी परीक्षाओं के काम और निजी कालेजों में एमबीबीएस व बीटेक समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले कराने का काम करता था। इसी दौरान अनुराग को पता चला कि सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं के पेपर आउट कराने का काम भी किया जाता है।
अनुराग ने पूछताछ में वर्ष 2023 के एनएचएम पेपर लीक मामले में भी अपने नाम आने की बात बताई। उसके खिलाफ ग्वालियर में मुकदमा दर्ज हुआ था और वह राजीव नयन के साथ दिल्ली से गिरफ्तार होकर जेल गया था। जेल से छूटने के बाद वह भोपाल में राजीव नयन के साथ रहने लगा।
पुष्कर की गिरफ्तारी ने मामले को एक और आपराधिक नेटवर्क से जोड़ दिया है। पूछताछ में उसके संबंध अनुराग मिश्रा के अलावा आकाश मिश्रा से भी सामने आए। आकाश अप्रैल 2025 में दिल्ली में प्रापर्टी डीलर राजकुमार दलाल की हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था और इस समय तिहाड़ जेल में बंद है।
हत्याकांड की साजिश कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने रची थी। राजकुमार दलाल हत्याकांड में शूटरों को छिपाने, हथियार और धन उपलब्ध कराने तथा उन्हें विदेश भागने में मदद करने में आकाश और अनुराग मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई थी। अनुराग करीब डेढ़ वर्ष से वांछित था।
